सहरसा में छात्र की संदिग्ध मौत: किराए के मकान में मिला शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
सुशील कुमार पिछले करीब चार महीने से सहरसा में किराये का कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. शुक्रवार रात वह अन्य छात्रों के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया. शनिवार सुबह करीब नौ बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो साथ रहने वाले छात्रों को चिंता हुई.

Saharsa, Bihar : सदर थाना क्षेत्र के संतनगर वार्ड संख्या-4 स्थित एक किराये के मकान में रहकर CTET (केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा) की तैयारी कर रहे 27 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शनिवार सुबह कमरे में उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र निवासी सुशील कुमार के रूप में हुई है.
चार महीने पहले लिया था कमरा
जानकारी के अनुसार, सुशील कुमार पिछले करीब चार महीने से सहरसा में किराये का कमरा लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था. शुक्रवार रात वह अन्य छात्रों के साथ खाना खाने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया. शनिवार सुबह करीब नौ बजे तक जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो साथ रहने वाले छात्रों को चिंता हुई. काफी देर तक आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा खोला गया, जहां सुशील मृत अवस्था में मिला. इसके बाद तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी गई.
फोरेंसिक टीम की ली जा रही मदद
सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान एवं पुलिस टीम मौके पर पहुंची. मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया तथा घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी.
चिकित्सकीय कारणों से मौत की आशंका
प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. आशंका जताई जा रही है कि भोजन में गड़बड़ी, किसी दवा के रिएक्शन अथवा अन्य चिकित्सकीय कारणों से भी मौत हुई हो सकती है. हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट आने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा.
पुलिस ने क्या कहा
सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही छात्र की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी हुई है.
(सहरसा से इंद्रदेव की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पलामू के पत्थलचटी गांव में वर्षों बाद पहुंची पेयजल की सुविधा, उपायुक्त की त्वरित पहल से ग्रामीणों में खुशी

मुख्यमंत्री को सांसद सुधाकर सिंह का खुला पत्र, पिपराकोठी वाटर पार्क और एफआईआर पर उठाए सवाल







