Bihar (Nalanda): इस वक्त की बड़ी खबर नालंदा जिले से आ रही है, जहां दीपनगर थाना क्षेत्र के मघडा गांव स्थित मां शीतला मंदिर में पूजा के दौरान अचानक भगदड़ मच गई. इस भगदड़ में अब तक मिली जानकारी के अनुसार आधा दर्जन लोगों की मौत हो गई है, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं. कई घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है. हालांकि अभी तक प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. वहीं आज नालंदा में द्रौपदी मुर्मू भी नालंदा विश्वविद्यालय के कार्यक्रम में शिरकत करने वाली हैं, जिसके बाद भी प्रशासन से इतनी बड़ी चूक सवालिया निशान छोड़ता है.

बताया जाता है कि हर मंगलवार की तरह इस मंगलवार को भी मघडा गांव स्थित मां शीतला मंदिर में पूजा को लेकर मेला लगा हुआ था. इसी दौरान अत्यधिक भीड़ हो जाने के कारण अचानक भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कई लोग गिरकर घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही लहेरी थाना, दीपनगर थाना की पुलिस और बिहार शरीफ के एसडीएम घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ले रहे हैं. घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा जा रहा है.

बताया जा रहा है कि आज राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिले का पुलिस महकमा सुरक्षा व्यवस्था में लगा हुआ था. इसी बीच मंदिर में मेला लगा था और भीड़ काफी ज्यादा हो गई, जिसके कारण यह हादसा हो गया. घटना के बाद आसपास लगे मेले की दुकानों को भी बंद कराया जा रहा है और पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी हुई है.
श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर में पुलिस बल की संख्या कम होने के कारण भीड़ बेकाबू हो गई और भगदड़ मच गई.
वहीं दीपनगर थाना अध्यक्ष राजमणि ने बताया कि मंगलवार होने के कारण मां शीतला की पूजा के लिए लोग आए हुए थे और अचानक काफी भीड़ एक साथ आ गई, जिसकी कोई पूर्व सूचना नहीं थी. उन्होंने भगदड़ की पुष्टि नहीं करते हुए कहा कि गर्मी और भीड़ की वजह से लोगों की तबीयत बिगड़ने से यह घटना हुई है.
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.
रिपोर्ट: वीरेंद्र कुमार









