Naxatra News Hindi
Ranchi Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति में काफी समय से सुर्खियों में रहे सपा (समाजवादी पार्टी) के दिग्गज नेता आजम खान आखिरकार दो साल बाद आज मंगलवार को सीतापुर जेल से रिहा हो गए. जेल से रिहाई के बाद आजम खान ने कहा-"पत्ता-पत्ता, बूटा-बूटा हाल हमारा जाने है." बता दें, वे पिछले दो साल से जेल में बंद थे.
दो साल जेल में बंद रहने के बाद मिली राहत से सपा नेता और उनके समर्थकों और परिवार में खुशी की लहर है. सपा नेता शिवपाल यादव और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सह लोकसभा सदस्य अखिलेश यादव ने उन्हें समाजवादी पार्टी का मजबूत स्तंभ बताया. जेल से बाहर निकलते वक्त उनके साथ बेटा अब्दुल्ला और अदीब मौजूद रहे. इस दौरान जेल परिसर और आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे. उन्हें जेल के साइड गेट से बाहर लाया गया. इसके बाद दो गाड़ियों के काफिले के साथ वे रामपुर के लिए रवाना हुए.
बसपा में शामिल होने की अटकलों का दिया जवाब
आजम खान के जेल से बाहर आते ही अब उनके बसपा (बहुजन समाज पार्टी) में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई है. हालांकि इन अटकलों को सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने अफवाह बताया. उन्होंने कहा कि ''आजम साहब समाजवादी पार्टी के संस्थापक सदस्य हैं और हमेशा पार्टी के साथ रहेंगे.'' शिवपाल यादव ने आगे कहा कि उनके किसी दूसरी पार्टी में जाने की बातें सिर्फ अफवाह हैं. आजम ख़ान के खिलाफ सैकड़ों फर्जी मुकदमे दर्ज किए गए और पार्टी उनके साथ हमेशा खड़ी है.''
आजम खान के बसपा में शामिल होने की अटकलों पर सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने कहा कि आजम खान जैसे कद्दावर नेता के समाजवादी पार्टी छोड़ने की खबरें निराधार हैं. वहीं, इस संबंध में जब आजम खान से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी वे इलाज कराएंगे, सेहत पर ध्यान देंगे इसके बाद आगे की रणनीति तय करेंगे.
आजम खान की रिहाई पर अखिलेश यादव ने क्या कहा ?
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आजम खान की रिहाई पर एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए खुशी जताई. उन्होंने लिखा- आजम खान की रिहाई उन सभी के लिए राहत और खुशी की बात है जो इंसाफ में विश्वास रखते हैं. अखिलेश यादव ने कहा कि फर्जी मुकदमे करने वालों को सबक मिल गया है कि हर झूठ और साजिश की एक मियाद होती है. उन्होंने भरोसा जताया कि आजम खान फिर से उपेक्षित और पीड़ित वर्ग की आवाज बनेंगे और समाजवादी मूल्यों के साथ सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे.
BJP की प्रतिक्रिया आई सामने, कहा- लड़ाई रहेगी जारी
दूसरी तरफ आजम खान की रिहाई पर बीजेपी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी. प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए कहा- चाहे आजम खान सपा में रहें या बसपा में जाएं, साल 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा और बसपा की हार तय है. वहीं, बीजेपी विधायक आकाश सक्सेना ने कहा कि आजम खान के खिलाफ कई केस दर्ज किए हैं और न्याय के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी.








