29 लाख दीयों की रौशनी से जगमगाएगी रामनगरी, बनेगा विश्व रिकॉर्ड
राममंदिर बनने के बाद यह पहला मौका है, जब इतने बड़े पैमाने पर दीपोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. 29 लाख दीयों से एक लया विश्व रिकॉर्ड पुन: स्थापित किए जाने की सर्वोत्तम व्यवस्था की जा चुकी है.

Naxatra News Hindi
अयोध्या, 19 अक्टूबर: मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की नगरी अयोध्या एक बार फिर प्रकाश पर्व की अद्भुत छटा से जगमगाने जा रही है. उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आयोजित ‘दीपोत्सव 2025’ इस बार अपने भव्यतम रूप में नजर आएगा. 19 अक्टूबर को होने वाले इस आयोजन में अयोध्या के राम की पैड़ी और सरयू घाटों पर लाखों दीयों की रौशनी से पूरी नगरी जगमगाएगी.
इस वर्ष दीपोत्सव का यह नौवां संस्करण होगा, जिसमें 56 घाटों पर 29 लाख से अधिक दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके साथ ही 31 लाख दीयों की अग्रिम व्यवस्था की गई है, ताकि किसी प्रकार की कमी न रहे और अयोध्या एक बार फिर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करा सके.
80,000 दीयों की रंगोली और 20 ‘सेल्फी पॉइंट’ का आकर्षण
राम की पैड़ी पर इस बार श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण तैयार किया गया है. 80,000 दीयों से बनी विशाल ‘रंगोली’ पूरे आयोजन का केंद्र बिंदु होगी. इसके अतिरिक्त, प्रशासन ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए 20 विशेष ‘सेल्फी पॉइंट’ तैयार किए हैं, जहां वे दीपोत्सव की सुंदरता के साथ अपनी यादें सहेज सकेंगे.
अयोध्या दीपोत्सव में न केवल दीयों की रौशनी बल्कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी बहार देखने को मिलेगी. विभिन्न राज्यों से आए कलाकार श्रीराम के जीवन प्रसंगों पर आधारित झांकियां और नृत्य प्रस्तुत करेंगे. सरयू आरती, भव्य आतिशबाज़ी और डिजिटल लाइट शो पूरे आयोजन को और भी यादगार बनाएंगे.
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए हैं. शहर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ड्रोन से निगरानी होगी और पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है.



