‘कई राज जानती हूं, इसलिए मिल रही धमकी’ पटना में कोचिंग संचालक पर युवती के गंभीर आरोप, थाने पहुंच मांगी सुरक्षा
पटना में यूपी की रहने वाली एक युवती ने कोचिंग संचालक पर लंबे समय से परेशान करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। युवती रविवार देर रात पीरबहोर थाने पहुंची और पुलिस से सुरक्षा की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


पटना: राजधानी पटना में एक कोचिंग संचालक के खिलाफ उत्तर प्रदेश की रहने वाली एक युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का दावा है कि वह कोचिंग संचालक से जुड़ी कई निजी और महत्वपूर्ण जानकारियां जानती है, जिसके चलते उसे लंबे समय से परेशान किया जा रहा है और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मामले में युवती रविवार देर रात पीरबहोर थाने पहुंची और पुलिस से सुरक्षा की मांग की।
2016 में पढ़ाई के लिए आई थी पटना
युवती ने पुलिस को दिए लिखित आवेदन में बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश की रहने वाली है और वर्ष 2016 में पढ़ाई के लिए पटना आई थी। इसी दौरान उसने संबंधित कोचिंग संचालक से पढ़ाई की थी। युवती का दावा है कि इसी दौरान उसे कोचिंग संचालक से जुड़ी कुछ निजी और महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। आरोप है कि इन जानकारियों को लेकर बाद में उसे लगातार परेशान किया जाने लगा।
युवती के मुताबिक, दिसंबर 2017 से उसे परेशान किया जा रहा है। उसका आरोप है कि कोचिंग संचालक ने फोन कर अपनी निजी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की चेतावनी दी थी। युवती का दावा है कि जानकारी सार्वजनिक करने पर उसे जान से मरवाने की धमकी दी गई। उसने पुलिस को बताया कि लंबे समय से इस वजह से वह मानसिक दबाव में है और अब उसे अपनी सुरक्षा को लेकर डर लग रहा है।
पुलिस भी कर रही थी युवती की तलाश
मामले में शनिवार शाम एक व्यक्ति की ओर से पीरबहोर थाने में आवेदन दिए जाने की बात सामने आई है। आवेदन की जांच के दौरान पुलिस को मामला युवती और कोचिंग संचालक से जुड़ा होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने युवती से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसका मोबाइल बंद आ रहा था। आवेदन में पटना के गांधी चौक का अस्थायी पता दिया गया था, लेकिन पता पूरा नहीं होने के कारण पुलिस को उसे तलाशने में परेशानी हुई।
देर रात खुद थाने पहुंची युवती
इसी बीच रविवार देर रात युवती खुद पीरबहोर थाने पहुंची और पुलिस के सामने अपना पक्ष रखा। इसके बाद पुलिस ने उसका बयान दर्ज करना शुरू किया। पीरबहोर थानाध्यक्ष राज कुमार सिंह के अनुसार, युवती का बयान लिया जा रहा है और उसके आरोपों की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, युवती ने जिस धमकी की बात कही है, वह करीब दो वर्ष पुरानी बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों, उपलब्ध तथ्यों और कोचिंग संचालक से जुड़े पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि युवती के लगाए आरोपों में कितनी सच्चाई है और मामले में आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाती है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

अंतिम सोमवारी पर जिला अधिकारी ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना के आवश्यक निर्देश!

भगदड़ से बचने को शेखपुरा तैयार ! 24 से 28 अगस्त तक बदलेगा ट्रैफिक रूट







