मोतिहारी में 1989 लीटर मिलावटी पेट्रोल बरामद, टैंकर से ‘तेल कटिंग’ कर गांवों में बेचने वाले नेटवर्क का खुलासा!
मोतिहारी में नगर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक पिकअप से 1989 लीटर कथित मिलावटी पेट्रोल बरामद किया है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर टैंकर से तेल ‘कटिंग’ कर गांवों में सप्लाई करने वाले नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है।


मोतिहारी: मोतिहारी में मिलावटी पेट्रोल के अवैध कारोबार पर नगर थाना पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। गुप्त सूचना पर वरीय अधिकारियों के निर्देश में नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लखौरा जाने वाली नेशनल हाईवे पर घेराबंदी कर एक पिकअप को दबोच लिया। पुलिस को देखते ही चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पिकअप की तलाशी में 1989 लीटर मिलावटी पेट्रोल बरामद होते ही अवैध तेल कारोबार के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ।
पुलिस को देखते ही भागने लगा चालक
वरीय अधिकारियों के निर्देश पर नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हाईवे पर कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, टीम को देखते ही पिकअप चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे घेरकर पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदन कुमार, पिता हरिशंकर पंडित, निवासी बरमादिया, थाना चकिया के रूप में हुई है।
टैंकर से तेल ‘कटिंग’ कर खपाने का आरोप
प्रारंभिक पुलिस जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर एक गिरोह पेट्रोल टैंकर से तेल निकालकर उसे अलग-अलग जगहों पर पहुंचाता था। इसके बाद इसमें मिलावट कर इसे गांवों में कम कीमत पर बेचने की बात कही जा रही है।हालांकि, इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं और मिलावट कहां की जाती थी, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
करीब 1989 लीटर कथित मिलावटी पेट्रोल की बरामदगी के बाद पुलिस अब मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। पूछताछ के आधार पर टैंकर से तेल निकालने वाले लोगों, सप्लायर और इसे अलग-अलग इलाकों में पहुंचाने वालों की पहचान की जा रही है। पुलिस की जांच का दायरा बढ़ने के साथ इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की संभावना है।
नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने स्पष्ट किया कि सूचना और खुफिया इनपुट के आधार पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। मामले में गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

अंतिम सोमवारी पर जिला अधिकारी ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना के आवश्यक निर्देश!

भगदड़ से बचने को शेखपुरा तैयार ! 24 से 28 अगस्त तक बदलेगा ट्रैफिक रूट







