अंतिम सोमवारी पर जिला अधिकारी ने लिया जायजा, श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना के आवश्यक निर्देश!
श्रावणी मास की अंतिम सोमवारी को लेकर भोजपुर प्रशासन अलर्ट है। DM मनेश कुमार मीणा ने अरण्य देवी और बुढ़वा महादेव मंदिर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। भीड़ नियंत्रण, पार्किंग, एंबुलेंस, मेडिकल सुविधा, कंट्रोल रूम और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए गए।


श्रावणी मास की अंतिम सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम पूजा-अर्चना को लेकर जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं। इसी क्रम में अंतिम सोमवारी की पूर्व संध्या पर जिलाधिकारी महोदय, भोजपुर श्री मनेश कुमार मीणा ने अरण्य देवी मंदिर एवं बुढ़वा महादेव मंदिर में स्वयं पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जिलाधिकारी महोदय द्वारा दोनों मंदिरों में पूजा-अर्चना की गई।जिलाधिकारी महोदय ने मंदिर परिसरों एवं आसपास श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
भीड़ प्रबंधन पर सबसे ज्यादा जोर
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी मंदिरों में भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक उपायों का प्रभावी ढंग से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा अंतिम सोमवारी के मद्देनजर प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं कर्मी पूरी तरह सजग एवं सतर्क रहें। श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि मंदिरों के आसपास वाहनों की पार्किंग मंदिर से कुछ दूरी पर निर्धारित स्थानों पर कराई जाए, ताकि मंदिर परिसर एवं आसपास श्रद्धालुओं के आवागमन में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
एम्बुलेंस से लेकर कंट्रोल रूम तक इंतजाम
उन्होंने एम्बुलेंस की उपलब्धता, अग्नि सुरक्षा की समुचित व्यवस्था, आवश्यक चिकित्सा सुविधा तथा अस्थायी नियंत्रण कक्ष (कंट्रोल रूम) की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा।
जिलाधिकारी महोदय ने स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को भी सुव्यवस्थित रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अंतिम सोमवारी के अवसर पर मंदिरों में आने वाले श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना एवं दर्शन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सतत रूप से सजग एवं सक्रिय रहते हुए भीड़ प्रबंधन एवं श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। साथ ही, आवश्यकता के अनुरूप त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि अंतिम सोमवारी का आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

फरक्का समझौते पर संजय झा का RJD पर हमला, बोले- ‘जब समझौता हुआ तब बिहार में आपकी ही सरकार थी’

गांधी से पहले पढ़ेंगे राजकुमार शुक्ल! बिहार के स्कूलों में बदलेगा इतिहास का पाठ, शिक्षा मंत्री का बड़ा ऐलान







