इंजेक्शन लगाते समय न ग्लव्स, न स्पिरिट? मरीज के VIDEO से मॉडल अस्पताल पर उठे सवाल
बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल में एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंचे मरीज ने इलाज की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। ग्लव्स और इंजेक्शन वाली जगह की सफाई को लेकर आरोप लगाते हुए मरीज ने पूछा संक्रमण हुआ तो जिम्मेदार कौन?


बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल फिर एक बार अपने कारनामों की वजह से सुर्खियों में है। इस बार कुत्ते के काटने के बाद एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगवाने पहुंचे मरीज ने अस्पताल की व्यवस्था और इंजेक्शन लगाने की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
मरीज आशीष कुमार का आरोप है कि पुर्जा बनवाने के बाद जब वह इंजेक्शन लेने काउंटर पर जाते हैं, तो उन्हें एक बार में पूरी जानकारी नहीं दी जाती। हर बार इंजेक्शन लगवाने के लिए काउंटर पर जाने पर अलग-अलग तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि कभी एक चीज लाने को कहा जाता है तो कभी दूसरी, जिससे मरीजों को काफी परेशानी होती है।
इंजेक्शन लगाने की प्रक्रिया पर भी सवाल
आशीष कुमार ने कहा कि वह खुद भी यहां के छात्र रह चुके हैं और मरीजों को नियम-कानून की जानकारी देकर परेशान न करने की बात कही जाती है, लेकिन अस्पताल में काम करने के दौरान उन्हीं नियमों के पालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मरीज द्वारा बनाए गए वीडियो में दावा किया गया है कि इंजेक्शन लगाने के दौरान स्वास्थ्यकर्मी ने ग्लव्स नहीं पहने और इंजेक्शन लगाने वाली जगह पर स्पिरिट का इस्तेमाल भी नहीं किया गया। मरीज ने सवाल उठाया कि अगर इलाज के दौरान संक्रमण फैल जाता है तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी?
वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में
वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर मॉडल अस्पताल के अधीक्षक डॉ. जय प्रकाश सिंह ने बताया कि उन्हें फिलहाल इस मामले की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब देखना होगा कि जांच के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है और मरीजों को बेहतर एवं सुरक्षित इलाज उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।
(नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

टीबी मुक्त भोजपुर की दिशा में एक और सार्थक पहल, जिलाधिकारी महोदय ने 132 टीबी मरीजों के बीच वितरित किए फूड बास्केट

मंत्री संजय पासवान की मां से मिलने अस्पताल पहुंचे लोजपा (रा) जिलाध्यक्ष इमाम गजाली, जाना हालचाल







