‘बिजली कनेक्शन कट जाएगा’ का डर दिखाकर 25.80 लाख की ठगी, साइबर पुलिस ने लौटाए 3.95 लाख
मोतिहारी में बिजली कनेक्शन काटने का डर दिखाकर रक्सौल के महेंद्र प्रसाद से साइबर ठगों ने 25.80 लाख रुपये ठग लिए। साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक 3.95 लाख रुपये वापस करा दिए हैं।


मोतिहारी: बिजली बिल अपडेट करने और कनेक्शन काटने का डर दिखाकर रक्सौल के एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने 25.80 लाख रुपये की ठगी कर ली। ठगी का एहसास होने के बाद पीड़ित ने मोतिहारी साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब तक पीड़ित को 3,95,526 रुपये वापस कराए जा चुके हैं।
कॉल आया और शुरू हुआ ठगी का खेल
मोतिहारी साइबर थाना कांड संख्या 176/25 के अनुसार, रक्सौल के नागा रोड निवासी महेंद्र प्रसाद को साइबर अपराधियों ने बिजली बिल अपडेट करने और कनेक्शन कटने का डर दिखाकर फोन किया। आरोप है कि ठगों ने मीटर एक्टिवेशन के नाम पर उन्हें अपने झांसे में लिया। इसके बाद उनके बैंक खाते से करीब25 लाख 80 हजार रुपये की राशि निकाल ली गई। जब महेंद्र प्रसाद को ठगी का एहसास हुआ तो उन्होंने साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई से खाते में वापस आए पैसे
मामले की जांच कर रहे पुलिस इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में 1,95,526 रुपये वापस कराए। इससे पहले भी पुलिस की कार्रवाई के जरिए 2 लाख रुपये पीड़ित को वापस मिल चुके थे। इस तरह अब तक कुल 3,95,526 रुपये की राशि वापस कराई जा चुकी है। बाकी रकम की रिकवरी के लिए भी पुलिस की कार्रवाई जारी है।
‘कनेक्शन कट जाएगा’ वाली कॉल से रहें सावधान
मामले के बाद पुलिस ने लोगों को साइबर ठगी के ऐसे तरीकों से सावधान रहने की अपील की है। एसपी स्वर्ण प्रभात ने कहा कि बिजली बिल अपडेट, कनेक्शन काटने, मीटर एक्टिवेशन या बैंक KYC के नाम पर आने वाले अनजान कॉल पर भरोसा न करें। उन्होंने लोगों से बैंक खाता, ATM कार्ड, मोबाइल सिम, OTP या अन्य बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी विभाग या बैंक की ओर से फोन पर इस तरह की संवेदनशील जानकारी नहीं मांगी जाती। ऐसे में अनजान कॉल, लिंक या ऐप के जरिए जानकारी देने से पहले पूरी तरह सतर्क रहना जरूरी है।
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

इंजेक्शन लगाते समय न ग्लव्स, न स्पिरिट? मरीज के VIDEO से मॉडल अस्पताल पर उठे सवाल

मंत्री संजय पासवान की मां से मिलने अस्पताल पहुंचे लोजपा (रा) जिलाध्यक्ष इमाम गजाली, जाना हालचाल







