प्रेमी के पास जाने की जिद में टावर पर चढ़ी युवती, हाथ में चाकू लेकर किया हाईवोल्टेज ड्रामा
मोतिहारी के रक्सौल में प्रेम प्रसंग से जुड़ी मांग को लेकर एक युवती हाथ में चाकू लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर की समझाइश के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा।


मोतिहारी : बिहार में टावर पर चढ़कर अपनी मांग मनवाने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मोतिहारी के इंडो-नेपाल बॉर्डर से सटे रक्सौल के हरैया थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक युवती हाथ में चाकू लेकर टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और काफी देर तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
चाकू लेकर टावर पर चढ़ी युवती
बताया जा रहा है कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। युवती कथित तौर पर अपने प्रेमी के पास जाने की जिद पर अड़ गई थी। इसी दौरान वह हाथ में चाकू लेकर टावर पर चढ़ गई। ऊंचाई पर चाकू लेकर बैठी युवती को देखकर मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने माइकिंग कर शुरू की मान-मनौव्वल
घटना की सूचना मिलते ही हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बेहद सावधानी के साथ युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया। थानाध्यक्ष लगातार माइकिंग के जरिए युवती से बातचीत करते रहे और उसे सुरक्षित नीचे उतरने के लिए समझाते रहे। काफी देर तक चली मान-मनौव्वल और पुलिस की मशक्कत के बाद युवती सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस ने उसे अपने संरक्षण में ले लिया।
घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा रही। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि, युवती टावर पर किस वजह से चढ़ी थी और प्रेम प्रसंग से जुड़े पूरे मामले की वास्तविक स्थिति क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

शेखपुरा में पीएम सूर्य घर योजना को लेकर जागरूकता शिविर, एक दिन में मिले 240 आवेदन

अरवल के 75 स्कूलों में मिड डे मील में कीड़ा मिलने का मामला, छात्र संगठनों ने डीएम के सामने किया प्रदर्शन







