अरवल के 75 स्कूलों में मिड डे मील में कीड़ा मिलने का मामला, छात्र संगठनों ने डीएम के सामने किया प्रदर्शन
अरवल के 75 स्कूलों में मिड डे मील के भोजन में कीड़ा मिलने के मामले को लेकर आइसा और आरआईए ने डीएम के सामने प्रदर्शन किया। संगठनों ने जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।


अरवल: जिले के 75 सरकारी स्कूलों में मिड डे मील के भोजन में कीड़ा मिलने के मामले को लेकर सोमवार को छात्र संगठन आइसा और आरआईए के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की मांग करते हुए मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग की।
‘बच्चों की हकमारी बंद करो’ के लगाए नारे
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कहा, “बच्चों की हकमारी बंद करो, घटिया मिड डे मील की सप्लाई नहीं चलेगी।” संगठनों ने 75 स्कूलों में भोजन में कीड़ा मिलने के मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को पौष्टिक भोजन मिलना उनका अधिकार है। भोजन की गुणवत्ता में इस तरह की लापरवाही बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
स्कूलों के विलय का भी विरोध
आइसा और आरआईए के कार्यकर्ताओं ने गोपाल बिगहा समेत कई स्कूलों के विलय के फैसले का भी विरोध किया। उनका आरोप है कि स्कूलों को मर्ज करने से गरीब और वंचित वर्ग के बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो सकती है।संगठनों ने मांग की कि स्कूलों का विलय करने के बजाय वहां पर्याप्त शिक्षक, संसाधन और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि बच्चों को उनके घर के आसपास ही बेहतर शिक्षा मिल सके।
प्रदर्शनकारियों ने मिड डे मील की गुणवत्ता में सुधार के साथ-साथ सरकारी स्कूलों की अन्य समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा और पोषण से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। फिलहाल, प्रदर्शन के जरिए छात्र संगठनों ने प्रशासन से मिड डे मील मामले की जांच, दोषियों पर कार्रवाई और स्कूलों में बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखी है।
(अरवल से निशांत मिश्रा की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

आरा में नर्सिंग छात्रों का फूटा गुस्सा, खराब रिजल्ट पर सड़क जाम, ‘एग्जाम फीस के नाम पर 13 हजार वसूली’ का आरोप

ऊर्जा मंत्री का घर भी हुआ पानी - पानी, भागलपुर में आधी रात बाँध टूटने से मचा कोहराम!







