ऊर्जा मंत्री का घर भी हुआ पानी - पानी, भागलपुर में आधी रात बाँध टूटने से मचा कोहराम!
भागलपुर के खरीक प्रखंड के राघोपुर गांव में देर रात करीब 2:30 बजे बांध टूट गया। बाढ़ का पानी तेजी से गांव में फैल गया और ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल का आवास भी इसकी चपेट में आ गया। डीएम ने मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया।


भागलपुर: जिले के नवगछिया के खरीक प्रखंड स्थित राघोपुर गांव में देर रात करीब 2:30 बजे बांध टूटने से अचानक बाढ़ का पानी गांव में फैल गया। पानी की तेज धार के कारण आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल का आवास भी पानी की चपेट में आ गया।
आधी रात गांव में घुसा पानी
बांध टूटने के बाद पानी तेजी से गांव की ओर फैलने लगा। देखते ही देखते कई घरों और आसपास के इलाकों में पानी जमा हो गया। अचानक आई इस स्थिति से ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल बन गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद ऊर्जा मंत्री बुलो मंडल भी मौके पर पहुंचे और बांध कटाव का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
बांध टूटने की सूचना मिलते ही भागलपुर की डीएम अलंकार्ता पांडे बाढ़ से संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीएम ने बताया कि धारा के तेज प्रवाह के कारण कटाव हुआ, जिससे बाढ़ का पानी गांव में पहुंचा। प्रशासन की ओर से बचाव और राहत कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को राहत सामग्री और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जिला प्रशासन के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। प्रभावित इलाके में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। प्रशासन ने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता पानी के फैलाव को नियंत्रित करने, बांध की मरम्मत और प्रभावित लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर है।
(भागलपुर से अतीश दीपंकर की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

अरवल के 75 स्कूलों में मिड डे मील में कीड़ा मिलने का मामला, छात्र संगठनों ने डीएम के सामने किया प्रदर्शन

आरा में नर्सिंग छात्रों का फूटा गुस्सा, खराब रिजल्ट पर सड़क जाम, ‘एग्जाम फीस के नाम पर 13 हजार वसूली’ का आरोप







