अगले 48 घंटे बेहद अहम!, झारखंड से गुजरेगा साइक्लोनिक सिस्टम, इन जिलों में मूसलाधार बारिश के आसार
झारखंड में 30 अगस्त से अगले चार दिनों तक व्यापक बारिश के आसार हैं। रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार समेत कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात का अलर्ट जारी किया गया है।

Jharkhand Weather : राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में 30 अगस्त से अगले चार दिनों तक अच्छी और व्यापक बारिश के आसार बन रहे हैं। इस दौरान राज्य के अलग-अलग हिस्सों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात (आकाशीय बिजली गिरने) की आशंका जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार बंगाल की खाड़ी के उत्तरी-पश्चिमी हिस्से में पश्चिम बंगाल और ओडिशा के तटीय इलाकों के ऊपर एक नया निम्न दबाव (लो-प्रेशर) क्षेत्र बन चुका है। यह सिस्टम अगले 48 घंटों में और ताकतवर होकर झारखंड के ऊपर से गुजरेगा, जिससे पूरे राज्य में मानसूनी बारिश में तेजी आएगी।
किस दिन किन जिलों में रहेगा अलर्ट?
मौसम विभाग ने 30 अगस्त को रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, हजारीबाग, कोडरमा, दुमका, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 31 अगस्त को सिस्टम का असर सबसे ज्यादा दिखेगा, जिसके चलते रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और लातेहार में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 1 सितंबर को पलामू, गढ़वा, चतरा, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में यलो अलर्ट रहेगा, जबकि 2 सितंबर को एक बार फिर दुमका, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग और कोडरमा में यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा।
लातेहार में 110 मिमी बारिश, रांची में सामान्य से अधिक
राज्य में शुक्रवार से शनिवार की सुबह तक कई इलाकों में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की गई। सबसे अधिक बारिश लातेहार के बालूमाथ में 110 मिमी दर्ज की गई। इसके अलावा पश्चिमी सिंहभूम में 89.0 मिमी, पूर्वी सिंहभूम में 80.0 मिमी, रांची में 53.1 मिमी, सरायकेला में 51.4 मिमी, देवघर में 40.2 मिमी, धनबाद में 35.2 मिमी, कोडरमा में 34.6 मिमी, रामगढ़ में 31.1 मिमी, पलामू में 30.2 मिमी, बोकारो में 22.0 मिमी और गुमला में 21.0 मिमी बारिश दर्ज हुई है।
कैसा है राज्य में अब तक का मानसून मीटर?
वर्तमान में झारखंड में मानसून की स्थिति सामान्य बनी हुई है। 1 जून से अब तक राज्य में कुल 710.6 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य औसत (786.5 मिमी) से करीब 10 प्रतिशत कम है। हालांकि, राजधानी रांची में स्थिति काफी बेहतर है, जहां अब तक 859.3 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य औसत (804.4 मिमी) से 7 प्रतिशत अधिक है। राज्य के 8 जिलों में अब भी सामान्य से कम और 9 जिलों में सामान्य के आसपास बारिश दर्ज की गई है।
मौसम वैज्ञानिक ने दी सतर्क रहने की सलाह
रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी का निम्न दबाव क्षेत्र अगले 48 घंटों में झारखंड को पार करेगा। इसके असर से राज्य के लगभग सभी हिस्सों में बारिश होगी, जबकि कुछ चुनिंदा जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की प्रबल संभावना है। उन्होंने खराब मौसम के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कोयला, लोहा और अभ्रक पर सिर्फ झारखंडियों का हक!, MMDR पर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी का बड़ा हमला, बकाया रॉयल्टी की मांग

जन्माष्टमी पर रांची में होगा भव्य दही हांडी कार्यक्रम, CM हेमंत को मिला खास न्योता







