‘मां दवा लेने गई थीं... अब तक नहीं लौटीं’, परिवार लगा रहा गुहार!
बिहारशरीफ के धनेश्वर घाट से 50 वर्षीय बीना देवी लापता हैं। वह 24 अगस्त की सुबह दवा लेने बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल जाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिवार ने लोगों से मदद की अपील की है।


बिहारशरीफ: बिहारशरीफ थाना क्षेत्र के धनेश्वर घाट मोहल्ले से 50 वर्षीय महिला के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। महिला की पहचान बीना देवी, पत्नी कृष्ण यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह सोमवार 24 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल से दवा लाने की बात कहकर घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं।
अस्पताल भी पहुंचा परिवार, नहीं मिला सुराग
काफी देर तक बीना देवी के घर नहीं लौटने पर परिवार की चिंता बढ़ गई। परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बीना देवी की बेटी के मुताबिक, उनकी मां मानसिक रूप से थोड़ी कमजोर हैं। इसी वजह से परिवार उनकी सुरक्षा को लेकर और अधिक चिंतित है। बेटी ने बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल पहुंचकर भी अपनी मां के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की, लेकिन वहां भी बीना देवी का कोई पता नहीं चला।
परिवार ने लोगों से की मदद की अपील
बीना देवी की बेटी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को उनकी मां कहीं दिखाई दें तो उन्हें धनेश्वर घाट मोहल्ला स्थित कृष्ण यादव के घरतक पहुंचाने में मदद करें या परिवार को तुरंत सूचना दें। परिवार के अनुसार, अभी तक बिहारशरीफ थाना में लिखित शिकायत नहीं दी गई है। यदि जल्द कोई सुराग नहीं मिलता है तो थाने में आवेदन देने की बात कही गई है। फिलहाल परिवार अपने स्तर से लगातार उनकी तलाश कर रहा है। परिजनों ने लोगों से अपील की है कि बीना देवी के बारे में कोई विश्वसनीय जानकारी मिलने पर तत्काल परिवार को सूचित करें और बिना पुष्टि के किसी तरह की अफवाह न फैलाएं।
(नालंदा से वीरेंद्र कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जहानाबाद में टेंपो चालकों ने उठाई बड़ी मांग, अब रूट जोन और अलग स्टैंड की तैयारी

‘बिजली कनेक्शन कट जाएगा’ का डर दिखाकर 25.80 लाख की ठगी, साइबर पुलिस ने लौटाए 3.95 लाख







