जहानाबाद में टेंपो चालकों ने उठाई बड़ी मांग, अब रूट जोन और अलग स्टैंड की तैयारी
जहानाबाद में टेंपो चालकों की बैठक में अलग स्टैंड, रूट जोन और शहरी-ग्रामीण टेंपो की पहचान की मांग उठी। संघ ने शहर में चलने वाले टेंपो पर ‘शहरी क्षेत्र’ का बोर्ड या स्टीकर लगाने का फैसला लिया।


जहानाबाद: शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और टेंपो चालकों की समस्याओं के समाधान को लेकर मंगलवार, 25 अगस्त को बराह मंदिर परिसर में शिक्षित बेरोजगार टेंपो चालक संघ की बैठक हुई। बैठक में संघ की कार्यकारिणी के साथ बड़ी संख्या में टेंपो चालक शामिल हुए। अध्यक्षता सुधीर कुमार ने की। बैठक में टेंपो के लिए निर्धारित स्टैंड और स्टॉप बनाने, रूट जोन लागू करने और शहरी-ग्रामीण टेंपो की पहचान के लिए कलर कोड या अलग व्यवस्था लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
स्टैंड नहीं होने से जाम की समस्या
संघ के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार दास ने कहा कि शहर में टेंपो के लिए निर्धारित स्टैंड और स्टॉप नहीं होने के कारण चालक अलग-अलग जगहों पर वाहन खड़ा करते हैं। इससे कई बार यातायात बाधित होता है और जाम की स्थिति बनती है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा समिति की बैठकों में भी टेंपो चालकों के लिए स्टैंड और रूट जोन निर्धारित करने की मांग उठाई जाती रही है, लेकिन अभी तक इसे प्रभावी तरीके से लागू नहीं किया गया है।
हर चालक के लिए यूनिक कार्ड की मांग
संघ का कहना है कि शहर में ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले टेंपो की संख्या भी काफी अधिक है। ऐसे में शहरी और ग्रामीण टेंपो की पहचान मुश्किल होती है, जिसका असर यातायात प्रबंधन पर पड़ता है। इसी समस्या को देखते हुए बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि शहर में चलने वाले टेंपो पर संघ की ओर से ‘शहरी क्षेत्र’ का बोर्ड या स्टीकर लगाया जाएगा। इससे दोनों श्रेणी के वाहनों की आसानी से पहचान हो सकेगी।
संघ ने मुख्यमंत्री वाहन चालक योजना के तहत प्रत्येक टेंपो चालक का यूनिक कार्ड बनाने की भी मांग की। संघ के जिलाध्यक्ष ने कहा कि इससे चालकों की पहचान सुनिश्चित होगी और उन्हें सरकार की ओर से संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने में भी सुविधा मिल सकती है। इसके अलावा शहर में रूट जोन निर्धारित करने और टेंपो का परिचालन निर्धारित स्टैंड से ही कराने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी गई। बैठक में विनोद कुमार सिंह, रंजीत कुमार समेत कई टेंपो चालक मौजूद रहे।
(जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

RTPS में ‘बिना पैसे काम नहीं’ का आरोप! सुगौली में ₹300 लेने का VIDEO वायरल, अब उठे बड़े सवाल

‘बिजली कनेक्शन कट जाएगा’ का डर दिखाकर 25.80 लाख की ठगी, साइबर पुलिस ने लौटाए 3.95 लाख







