मोतिहारी में NIA की बड़ी कार्रवाई, मानव तस्करी नेटवर्क के शक में कलामुद्दीन के घर छापेमारी, मोबाइल जब्त कर घंटों पूछताछ
कंबोडिया भेजने वाले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े होने का संदेह, 13 जुलाई को पटना NIA कार्यालय में तलब।

मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले के फेनहारा थाना क्षेत्र के कालूपकर गांव में मंगलवार को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मानव तस्करी से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई की। एजेंसी की टीम ने वार्ड संख्या-2 निवासी मो. कलामुद्दीन (पिता–मो. यासीन) के घर छापेमारी कर उससे कई घंटों तक पूछताछ की। इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया।
NIA सूत्रों के अनुसार, कलामुद्दीन का नाम एजेंसी के RC-10/2024/NIA/DLI मामले में सामने आया है। यह मामला कथित अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी नेटवर्क से जुड़ा बताया जा रहा है। जांच के दौरान एजेंसी ने उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और अन्य संभावित साक्ष्यों की भी पड़ताल की।
प्रारंभिक जांच में एजेंसी को संदेह है कि कलामुद्दीन विदेश भेजने वाले एक संगठित नेटवर्क से जुड़ा रहा है। पूछताछ में उसके द्वारा लोगों को कंबोडिया भेजने और हवाई टिकट की व्यवस्था कराने में भूमिका होने की जानकारी सामने आने की बात कही जा रही है। हालांकि इन आरोपों की जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएंगे।
जांच एजेंसी को यह भी जानकारी मिली है कि कलामुद्दीन का संपर्क छपरा निवासी सुधीर सिंह नामक व्यक्ति से था, जिसे इस मामले का प्रमुख आरोपी माना जा रहा है। दोनों के माध्यम से लोगों को रोजगार सहित विभिन्न प्रलोभन देकर विदेश भेजे जाने की आशंका जताई जा रही है।
NIA ने कलामुद्दीन को आगे की पूछताछ के लिए नोटिस जारी करते हुए 13 जुलाई को पटना स्थित अपने कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। एजेंसी अब डिजिटल साक्ष्यों, दस्तावेजों और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
छापेमारी के दौरान स्थानीय पुलिस भी NIA टीम के साथ मौजूद रही। कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। NIA अधिकारियों का कहना है कि जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और आने वाले दिनों में इस मामले में कई और अहम खुलासे हो सकते हैं। साथ ही, नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मुख्यमंत्री को सांसद सुधाकर सिंह का खुला पत्र, पिपराकोठी वाटर पार्क और एफआईआर पर उठाए सवाल

मोतिहारी के हसुआहां में ताबड़तोड़ छापेमारी, चार शातिर गिरफ्तार, मास्टर चाबी से उड़ाते थे बाइक







