ईस्ट कोस्ट रेलवे के 631 किमी रूट पर लगेगा कवच सिस्टम
270 करोड़ रुपये की योजना से छह प्रमुख रेल खंडों पर बढ़ेगी सुरक्षा

भारतीय रेलवे ने रेल सुरक्षा को मजबूत करने के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए ईस्ट कोस्ट रेलवे के 631 रूट किलोमीटर पर स्वदेशी सुरक्षा प्रणाली ‘कवच’ लगाने को मंजूरी दे दी है। रेल मंत्रालय के अनुसार, इस परियोजना पर 270 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कवच प्रणाली बघुआपाल-बुधापंक, हरिदासपुर-पारादीप, खुर्दा रोड-बालांगीर, नौपाड़ा-गुनुपुर, लांजीगढ़ रोड-जूनागढ़ और बोब्बिली-सालूर जैसे छह महत्वपूर्ण रेल खंडों पर स्थापित की जाएगी। इस फैसले का उद्देश्य ट्रेन संचालन को अधिक सुरक्षित बनाना और दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है।
रेल मंत्रालय ने बताया कि कवच भारत में विकसित ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम, जो ट्रेनों की गति और सिग्नलों पर लगातार नजर रखता है। यदि कोई ट्रेन खतरे के सिग्नल को पार करने या निर्धारित गति से अधिक चलने की स्थिति में होती है, तो यह प्रणाली अपने आप ब्रेक लगा देती है। इससे ट्रेन टक्कर और अन्य दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलती है। साथ ही घने कोहरे और खराब मौसम के दौरान भी ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनेगा।
अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना से यात्री और मालगाड़ी दोनों के संचालन को लाभ मिलेगा। इससे समय पालन और परिचालन क्षमता में भी सुधार होने की उम्मीद है। रेलवे का कहना है कि यह मंजूरी देशभर में कवच प्रणाली के विस्तार और रेलवे सुरक्षा ढांचे को आधुनिक बनाने की बड़ी योजना का हिस्सा है। आने वाले समय में इसे अन्य महत्वपूर्ण और व्यस्त रेल मार्गों पर भी लागू किया जाएगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









