‘विश्वास करना मुश्किल है कि वे अब हमारे बीच नहीं हैं’..., सुदिव्य कुमार को याद कर भावुक हुए CM
गिरिडीह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार को श्रद्धांजलि दी और अंतिम यात्रा में कंधा दिया। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार हुआ, हजारों लोगों ने नम आंखों से विदाई दी।

Giridih News : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को गिरिडीह के हरसिंहरायडीह स्थित स्वर्गीय मंत्री सुदिव्य कुमार के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस मुश्किल वक्त में हिम्मत देने की प्रार्थना की।
अंतिम यात्रा में CM ने दिया कंधामुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सुदिव्य कुमार की अंतिम यात्रा में भी शामिल हुए। उन्होंने पार्थिव शरीर को कंधा दिया और श्मशान घाट तक पहुंचे। इसके बाद दाह संस्कार में शामिल होकर अपने सहयोगी और सरकार के मंत्री को अंतिम विदाई दी।
सुदिव्य कुमार का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
‘रात में हृदयाघात से हुआ आकस्मिक निधन’
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि देर रात हृदयाघात के कारण सुदिव्य कुमार का आकस्मिक निधन हो गया। उन्होंने इसे सरकार और पूरे झारखंड के लिए बेहद दुखद घड़ी बताया।
CM ने कहा कि सुदिव्य कुमार राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में काफी सक्रिय रहे। उन्होंने गंभीरता और परिपक्वता के साथ विकास से जुड़े कई कामों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका इतनी कम उम्र में चले जाना बेहद पीड़ादायक है और यह विश्वास करना मुश्किल है कि अब वह हमारे बीच नहीं हैं।
‘सरकार परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है’
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतिम यात्रा में सरकार और मंत्रिमंडल के सभी लोग शामिल होकर उन्हें अंतिम विदाई दे रहे हैं। उन्होंने ईश्वर से शोकाकुल परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में राज्य सरकार सुदिव्य कुमार के परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। परिवार को सरकार की ओर से आगे भी हर संभव सहयोग और संबल मिलता रहेगा।
‘झारखंड ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि खो दिया’
हेमंत सोरेन ने कहा कि सुदिव्य कुमार का आकस्मिक निधन झारखंड के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से राज्य ने एक कर्मठ जनप्रतिनिधि, समर्पित मंत्री और युवा नेतृत्व खो दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य उनके योगदान को हमेशा याद रखेगा।
कल्पना सोरेन ने भी दी श्रद्धांजलि
मुख्यमंत्री की पत्नी और विधायक कल्पना सोरेन ने भी सुदिव्य कुमार के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदना जताई।
कल्पना सोरेन ने भी ईश्वर से परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
हजारों लोग अंतिम यात्रा में हुए शामिल
सुदिव्य कुमार की अंतिम यात्रा में मंत्रिमंडल के अन्य सदस्य, विधायक, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, गिरिडीह जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग शामिल हुए।
बड़ी संख्या में सुदिव्य कुमार के समर्थक और चाहने वाले भी अंतिम यात्रा में पहुंचे। हजारों लोगों की मौजूदगी में नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

RIMS में मरीज की मौत के बाद बवाल, परिजनों ने डॉक्टर से की मारपीट

रांची रेलवे स्टेशन का बदलेगा रास्ता, बंद होगा नॉर्थ गेट ; साउथ गेट से होगी एंट्री







