एशियाई खेलों में भारत का निशाना पदक पर, भोपाल-दिल्ली में शुरू होगी आखिरी तैयारी
एशियाई खेल 2026 से पहले भारतीय निशानेबाज भोपाल और दिल्ली में अंतिम तैयारी शिविरों में हिस्सा ले रहे हैं। NRAI के इन कैंपों में तकनीकी सुधार, सटीकता और मानसिक मजबूती पर जोर रहेगा।

Asian Games 2026 : आगामी एशियाई खेलों में पदक पर निशाना साधने के लिए भारतीय निशानेबाज अब अपनी तैयारियों के आखिरी दौर में पहुंच गए हैं। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ (NRAI) ने टीम के अंतिम तैयारी शिविरों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इन शिविरों में खिलाड़ियों का फोकस तकनीक को और बेहतर करने, मानसिक मजबूती बढ़ाने और प्रतियोगिता से पहले अपनी कमियों को दूर करने पर रहेगा।
एशियाई खेलों में निशानेबाजी की स्पर्धाएं 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक जापान के आइची प्रीफेक्चुरल जनरल शूटिंग रेंज में आयोजित होंगी। इससे पहले भारतीय टीम भोपाल और नई दिल्ली में अंतिम तैयारियों को अंजाम देगी।
भोपाल में राइफल-पिस्टल टीम का कैंप
राइफल और पिस्टल वर्ग के खिलाड़ियों का अंतिम तैयारी शिविर 5 से 14 सितंबर तक भोपाल स्थित मध्य प्रदेश राज्य निशानेबाजी अकादमी में होगा। यहां खिलाड़ी अपनी तकनीक, सटीकता और प्रतियोगिता के दबाव से निपटने की तैयारी पर काम करेंगे।
वहीं, शॉटगन खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग स्पर्धाओं के हिसाब से नई दिल्ली में कैंप लगाया जाएगा। स्कीट टीम का शिविर 4 से 14 सितंबर और ट्रैप टीम का कैंप 10 से 18 सितंबर तक डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित होगा।
पदक जीतने का भरोसा
भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ के अध्यक्ष कालिकेश नारायण सिंह देव ने कहा कि 2026 के एशियाई खेल भारतीय निशानेबाजों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच हैं। उन्होंने कहा कि अंतिम तैयारी शिविर पदक की दौड़ में बेहद अहम भूमिका निभाएंगे। संघ खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
NRAI के महासचिव पवन कुमार सिंह ने कहा कि भोपाल और दिल्ली में अलग-अलग कैंप लगाने से खिलाड़ियों को अपनी स्पर्धा के मुताबिक बेहतर प्रशिक्षण माहौल मिलेगा। प्रशासनिक टीम बुनियादी ढांचे, व्यवस्थाओं और सपोर्ट स्टाफ के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर काम कर रही है, ताकि खिलाड़ी बिना किसी परेशानी के अपनी तैयारी पर ध्यान दे सकें।
आखिरी दौर में सटीकता और मानसिक मजबूती पर फोकस
भारतीय निशानेबाजी टीम के हाई परफॉर्मेंस डायरेक्टर डॉ. पियरे ब्यूशां के मुताबिक इस चरण में ट्रेनिंग का ज्यादा जोर मात्रा बढ़ाने के बजाय सटीकता, मानसिक मजबूती और तकनीकी सुधार पर रहेगा।
खेल विज्ञान और कोचिंग टीम खिलाड़ियों के प्रदर्शन से जुड़े आंकड़ों पर नजर रखेगी। कोशिश यही होगी कि जब भारतीय निशानेबाज जापान की रेंज पर उतरें तो वे अपनी पूरी क्षमता के साथ मुकाबले के लिए तैयार रहें।
एशियाई खेलों के लिए भारतीय निशानेबाजी टीम
राइफल और पिस्टल
10 मीटर एयर राइफल पुरुष: पार्थ राकेश माने, हिमांशु ढिल्लों, रुद्रांक्ष पाटिल।
10 मीटर एयर राइफल महिला: एलावेनिल वालारिवन, सोनम उत्तम मस्कर, विदर्सा के. विनोद।
50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन पुरुष: ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार, रुद्रांक्ष पाटिल।
50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन महिला: आशी चौकसे, विदर्सा के. विनोद, तिलोत्तमा सेन।
10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष: केदारलिंग बी. उचागनवे, कमलजीत, आकाश भारद्वाज।
10 मीटर एयर पिस्टल महिला: सुरुचि, ईशा सिंह, मनु भाकर।
25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल पुरुष: अनीश।
25 मीटर स्पोर्ट्स पिस्टल महिला: ईशा सिंह, मनु भाकर, राही सरनोबत।
10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम: पार्थ राकेश माने और एलावेनिल वालारिवन।
10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम: केदारलिंग बी. उचागनवे और सुरुचि।
शॉटगन
ट्रैप पुरुष: कायनान चेनाई, अहवर रिजवी, शपथ भारद्वाज।
स्कीट पुरुष: अनंतजीत सिंह नरूका, भवतेग सिंह गिल, मेराज अहमद खान।
ट्रैप महिला: नीरू, मनीषा कीर, आशिमा अहलावत।
स्कीट महिला: परिनाज धालीवाल, राइजा ढिल्लों, महेश्वरी चौहान।
ट्रैप मिश्रित टीम: कायनान चेनाई और नीरू।
स्कीट मिश्रित टीम: अनंतजीत सिंह नरूका और परिनाज धालीवाल।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

भारत-पाकिस्तान मैच का इंतजार खत्म!, इस दिन दुबई में भिड़ेंगी दोनों टीमें

क्रिकेट को कह दिया अलविदा!, 38 की उम्र में इस स्टार स्पिनर ने लिया संन्यास, IPL में 4 टीमों के लिए मचा चुका है गदर







