मोतिहारी में फर्जी अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, मुजफ्फरपुर अस्पताल हादसे के बाद सक्रिय प्रशासन
मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल में हुए हादसे के बाद बिहार का स्वास्थ्य विभाग सक्रिय नजर आ रहा है. मोतिहारी के एक निजी नर्सिंग होम में सख्त कार्रवाई की गई है. इसे प्रशासन द्वारा सील कर दिया गया है.

Motihari, Bihar: मुजफ्फरपुर के एक निजी नर्सिंग होम में हुए हादसे के बाद स्वास्थ्य विभाग पूरे राज्य में सतर्क हो गया है. इसी कड़ी में पूर्वी चंपारण में भी स्वास्थ्य विभाग एक्शन मोड में नजर आ रहा है. सिविल सर्जन के निर्देश पर मोतिहारी के सदर अस्पताल चौक स्थित MS हॉस्पिटल पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया गया.
स्वास्थ्य विभाग को सूचना मिली थी कि जिले में कई नर्सिंग होम और अस्पताल बिना आवश्यक मानकों, पंजीकरण और वैध दस्तावेजों के संचालित हो रहे हैं. शिकायत के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम नोडल चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार के नेतृत्व में MS हॉस्पिटल पहुंची और जांच शुरू की.
जांच के दौरान अस्पताल प्रबंधन से निबंधन, फायर सेफ्टी, सरकारी मान्यता और चिकित्सकों की शैक्षणिक योग्यता से संबंधित दस्तावेज मांगे गए. स्वास्थ्य विभाग के अनुसार निर्धारित समय सीमा तक अस्पताल प्रबंधन कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका.
नोडल चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि राज्य सरकार और सिविल सर्जन के निर्देश पर अवैध रूप से संचालित अस्पतालों एवं नर्सिंग होम के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है. जांच में MS हॉस्पिटल के संचालन से संबंधित आवश्यक कागजात उपलब्ध नहीं कराए गए, जिसके बाद अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया.
उन्होंने बताया कि कथित चिकित्सक से डिग्री संबंधी प्रमाण पत्र भी मांगे गए थे, लेकिन समय सीमा समाप्त होने तक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया. ऐसे में प्रथम दृष्टया डिग्री और अस्पताल संचालन को लेकर गंभीर संदेह उत्पन्न हुआ, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई.
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों और नर्सिंग होम के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
(मोतिहारी से प्रतीक सिंह की रिपोर्ट)
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मुजफ्फरपुर के निजी अस्पताल में भीषण आग, 5 मरीजों की मौत; खिड़कियां-दरवाजे तोड़कर बचाई गई कई जिंदगियां

मुजफ्फरपुर के प्रसाद अस्पताल के ICU वार्ड में लगी आग: 5 लोगों ने गंवाई जान, 20 से अधिक झुलसे







