गढ़वा में Gen Alpha का भौकाल!, टीचर के ट्रांसफर पर भड़के बच्चे, थाने पर बरसाए पत्थर, बाल-बाल बचे...
आजकल देश भर में जहां Gen Z अपने हक के लिए सड़कों पर उतर कर आवाज उठा रहे हैं, वहीं झारखंड के गढ़वा में तो Gen Alpha ने ऐसा गदर काटा है कि पूरा प्रशासन हिल गया है।


Garhwa: आजकल देश भर में जहां Gen Z अपने हक के लिए सड़कों पर उतर कर आवाज उठा रहे हैं, वहीं झारखंड के गढ़वा में तो Gen Alpha ने ऐसा गदर काटा है कि पूरा प्रशासन हिल गया है। ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक हड़कंप मचा हुआ है। बच्चों का गुस्सा इस कदर भड़का कि उन्होंने न सिर्फ सड़कें जाम कर दीं, बल्कि पुलिस स्टेशन पर भी जमकर पत्थर बरसाए। इस बवाल में एक पुलिस जवान का सिर तक फट गया। बात यहीं नहीं रुकी, गुस्साई भीड़ ने स्थानीय प्रमुख की गाड़ी पर भी ऐसा हमला किया कि उन्हें अपनी जान बचाकर वहां से उल्टे पांव भागना पड़ा।
पसंदीदा टीचर के ट्रांसफर से शुरू हुआ बवाल
यह पूरा हाई-वोल्टेज ड्रामा गढ़वा जिले के कांडी इलाके का है। दरअसल, कांडी थाना क्षेत्र में मौजूद +2 High School के छात्र अपने एक टीचर मलय सिंह के ट्रांसफर से काफी नाराज थे। पिछले तीन दिनों से ये बच्चे अपने पसंदीदा टीचर का ट्रांसफर रुकवाने के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन कर रहे थे। लेकिन प्रशासन की तरफ से कोई ठोस जवाब नहीं मिला, जिससे बच्चों के अंदर ही अंदर गुस्सा सुलगता जा रहा था।
प्रमुख ने जड़ा थप्पड़, तो बच्चों ने निकाल दिया गाड़ी का कचूमर
यह शांतिपूर्ण आंदोलन आज उस वक्त अचानक हिंसक हो गया, जब सड़क जाम कर रहे इन Gen Alpha बच्चों को समझाने के लिए प्रखंड के प्रमुख पिंकू पांडेय मौके पर पहुंचे। बातचीत के दौरान माहौल कुछ ऐसा बिगड़ा कि प्रमुख साहब ने तैश में आकर एक छात्र को जोरदार थप्पड़ जड़ दिया। बस फिर क्या था! इस एक थप्पड़ ने आग में घी का काम किया। आक्रोशित बच्चों ने आव देखा न ताव और प्रमुख की गाड़ी पर टूट पड़े। गाड़ी में जमकर तोड़-फोड़ की गई। स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि प्रमुख को वहां से अपनी जान बचाकर भागना पड़ा।
थाने में ली शरण, तो वहां भी बरसने लगे पत्थर
गुस्साई भीड़ से बचने के लिए प्रमुख सीधे भागकर पुलिस स्टेशन पहुंचे और वहां जाकर पनाह ली। लेकिन बच्चों का गुस्सा सातवें आसमान पर था। वे प्रमुख का पीछा करते हुए थाने तक पहुंच गए और पुलिस स्टेशन पर ही भारी पथराव शुरू कर दिया। इस अचानक हुए पथराव में एक पुलिस जवान के सिर पर पत्थर लग गया, जिससे उसका सिर बुरी तरह फट गया। इलाके में अफरातफरी और तनाव का माहौल बन गया।
SDPO ने संभाला मोर्चा, इलाके में भारी फोर्स तैनात
फिलहाल बच्चे अभी भी अपने टीचर का तबादला रोकने की मांग पर अड़े हुए हैं। साथ ही, वे घटना में शामिल दोषियों और थप्पड़ मारने वाले प्रमुख पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम किए बैठे हैं। इस पूरे हंगामे को लेकर SDPO दिलू लोहरा ने बताया कि घटना की जानकारी तुरंत बड़े अधिकारियों को दे दी गई है। हालात को काबू में करने के लिए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा जा रहा है। फिलहाल पुलिस प्रशासन बच्चों को समझा-बुझाकर मामला शांत करने की पूरी कोशिश कर रहा है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

विधानसभा घेराव में उपद्रव पर FIR में किसी छात्र का नाम नहीं, रांची SSP ने कहा...

रांची की सड़कों पर अब दौड़ेंगी 6 नई Pink Bus, महिलाओं को मिलेगा सुरक्षित सफर







