सुबह सास-ननद से झगड़ा, शाम को कुएं में तैरती मिली लाश!, गिरिडीह में विवाहिता की संदिग्ध मौत पर बवाल
गिरिडीह के तिसरी थाना क्षेत्र में 27 वर्षीय विवाहिता अंजली देवी का शव कुएं से मिला। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाया, जबकि सास-ननद ने वज्रपात के दौरान हादसे की आशंका जताई। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Giridih News : गिरिडीह जिले के तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पलमरुआ गांव में बुधवार की शाम एक 27 वर्षीय विवाहिता अंजली देवी का शव गांव के ही एक कुएं से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि मृतका का सुबह में ही अपनी सास और ननद के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके चंद घंटों बाद शाम को ग्रामीणों ने उसका शव कुएं के पानी में उतराता हुआ देखा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप
सूचना पाकर तिसरी थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी पलमरुआ गांव पहुंचे और ग्रामीणों से पूरी घटना की जानकारी ली। मायके वालों ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि सुबह हुए झगड़े के बाद अंजली की सास और ननद ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को कुएं में फेंक दिया।
सास और ननद का दावा: 'वज्रपात की तेज आवाज से कुएं में गिरी अंजली'
वहीं दूसरी ओर, मृतका की सास और ननद ने हत्या के आरोपों को खारिज करते हुए अलग ही कहानी बताई है। उनका दावा है कि दोपहर में अंजली घरेलू काम के लिए पानी भरने कुएं पर गई थी। उसी दौरान मूसलाधार बारिश के साथ भीषण वज्रपात हुआ। ससुराल पक्ष का अंदेशा है कि वज्रपात की भयानक गड़गड़ाहट और बिजली की चमक से डरकर या पैर फिसलने के कारण अंजली कुएं में गिर गई, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई।
पति रहता है बंगलुरु में, हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
जानकारी के मुताबिक मृतका अंजली देवी का पति रंजीत पंडित बंगलुरु में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। तिसरी थाना पुलिस ने मामले में मायके वालों के बयान दर्ज कर लिए हैं और दोनों पक्षों के दावों की सत्यता की पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और विस्तृत जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

दुमका पुलिस ने लौटाए 15 लोगों के खोए मोबाइल, फोन वापस मिलते ही खिल उठे चेहरे

जयराम महतो के कथित गाली-गलौज मामले पर रीता पात्रों ने जताई नाराजगी, बोलीं- विधायक की अपनी गरिमा होती है







