हेमंत सरकार को कमजोर करने की साजिश!, गिरिडीह टावर चौक पर कांग्रेस का धरना, चंदा प्रकरण पर BJP को घेरा
गिरिडीह टावर चौक पर कांग्रेस ने राम मंदिर चंदा प्रकरण और MMDR बिल के विरोध में धरना दिया। नेताओं ने केंद्र सरकार पर हेमंत सरकार को कमजोर करने की साजिश का आरोप लगाया।

Giridih: राम मंदिर चंदा प्रकरण और केंद्र सरकार द्वारा पारित खान एवं खनिज (MMDR) संशोधन बिल के विरोध में गुरुवार को गिरिडीह जिला कांग्रेस कमेटी ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। गिरिडीह के व्यस्त टावर चौक पर आयोजित एकदिवसीय धरने का नेतृत्व जिला अध्यक्ष सतीश केडिया ने किया। इस दौरान लोकसभा प्रभारी मणिशंकर और गिरिडीह प्रभारी सुरेंद्र सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे। धरने को संबोधित करते हुए लोकसभा प्रभारी मणिशंकर ने राम मंदिर चंदा प्रकरण को भाजपा का काला कारनामा करार दिया। उन्होंने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि खुद को सबसे ज्यादा ईमानदार बताने वाली केंद्र की मोदी और यूपी की योगी सरकार मंदिर चंदा विवाद पर पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं और जनता के सामने मुंह खोलने से बच रही हैं।
बिना चर्चा MMDR बिल पास कराने का आरोप, संविधान पर हमला बताया
धरने के दौरान कांग्रेस नेताओं ने संसद में पारित किए गए MMDR बिल को लेकर मोदी सरकार पर सीधा प्रहार किया। नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर के संविधान की मूल भावना को चोट पहुंचाई है। झारखंड की चुनी हुई हेमंत सोरेन सरकार को आर्थिक रूप से कमजोर करने की सोची-समझी साजिश के तहत बिना सदन में उचित बहस और चर्चा कराए इस बिल को मनमाने तरीके से पास करा दिया गया।
'मंईयां सम्मान योजना का हक मारने की साजिश'
जिला अध्यक्ष सतीश केडिया ने भी MMDR बिल को झारखंड और हेमंत सरकार के खिलाफ एक गहरी राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ऐतिहासिक मंईयां सम्मान योजना की शुरुआत की है। लेकिन केंद्र सरकार ने ऐसा कानून थोप दिया है जिससे झारखंड को खनिज संपदा से मिलने वाले जरूरी सेस और रॉयल्टी के अधिकार को छीन लिया गया है, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं की राह में रोड़ा अटकाया जा सके।
धरने में जुटे कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता और कार्यकर्ता
टावर चौक पर आयोजित इस विशाल धरने में कांग्रेस नेता मनीर आलम, राजेश तुरी, पूर्व जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह, अजय सिन्हा मंटू समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक सुर में केंद्र की नीतियों के खिलाफ आर-पार की लड़ाई जारी रखने का संकल्प दोहराया।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

देवघर में ड्यूटी के लिए 12 DSP की तैनाती, पुलिस मुख्यालय ने...

कोडरमा में नदी किनारे चल रही थी महुआ शराब की भट्ठी, पुलिस ने मारा छापा ; 1.5 क्विंटल जावा महुआ नष्ट







