दुमका में सड़क दुर्घटना से अफरा-तफरी, दीवार तोड़कर काठीकुंड के सर्विसिंग सेंटर में जा घुसी बस
दुमका के काठीकुंड में एक बस बेकाबु होकर सर्विसिंग सेंटर में जा घुसी. बस में यात्री भी सवार थे, वहीं बस जिस घर की दीवार तोड़ती हुई उस पार गिरती है, वहां भी एक कार के ऊपर जा गिरती है. गनीमत रही कि कोई इस दुर्घटना में हताहत नहीं हुआ.

Dumka, Jharkhand: दुमका-पाकुड़ मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक बस अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. बताया जा रहा है कि बस चालक बस पर से नियंत्रण खो बैठा, जिस कारण बस एक सर्विसिंग सेंटर में जा घुसी. हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
दुमका से पाकुड़ जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार मिथिलांचल नाम की 42 सीटर यात्री बस दुमका से पाकुड़ की ओर जा रही थी. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में यात्री भी सवार थे. इसी दौरान नकटी गांव के पास अचानक बस चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया और तेज रफ्तार बस सड़क किनारे स्थित प्रकाश वाटर सर्विसिंग सेंटर में जा घुसी. बस के अचानक सर्विसिंग सेंटर में घुसने से वहां मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
पहले कार से टकराई, फिर दीवार तोड़कर गिरी नीचे
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अनियंत्रित बस सबसे पहले सर्विसिंग सेंटर परिसर में खड़ी मालिक की कार से टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पास की दीवार तोड़ते हुए नीचे गड्ढे में जा गिरी. वहीं बस सर्विसिंग सेंटर के अंदर फंसकर रुक गई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. घटना के समय यदि सर्विसिंग सेंटर में अधिक लोग मौजूद होते तो बड़ा नुकसान हो सकता था. स्थानीय लोगों का कहना है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही काठीकुंड थाना प्रभारी बलराम कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थिति को नियंत्रित किया. हादसे के बाद कुछ देर तक मुख्य सड़क पर लोगों की भीड़ लगी रही, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ. पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है. हालांकि वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

हत्या को गैर-इरादतन बनाने की कोशिश ! बारह साल बाद गिरिडीह कोर्ट ने आरोपियों को सुनाई दस साल की सजा

गिरिडीह के उसरी नदी में तैरता मिला युवती का शव, 15 साल की पायल तीन दिन से थी लापता







