छात्र आंदोलन पर अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड सरकार को घेरा, बोलीं- 'स्थिति नहीं संभल रही तो जिम्मेदारी लें CM हेमंत सोरेन'
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी शनिवार को अपने गिरिडीह दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले जिले के विभिन्न प्रमुख मंदिरों में जाकर विधिवत रूप से पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया

Giridih: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी शनिवार को अपने गिरिडीह दौरे पर रहीं। इस दौरान उन्होंने सबसे पहले जिले के विभिन्न प्रमुख मंदिरों में जाकर विधिवत रूप से पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद पत्रकारों से मुखातिब होते हुए उन्होंने राष्ट्रीय राजनीति से लेकर झारखंड के मौजूदा हालात पर बेबाकी से अपनी राय रखी और कांग्रेस के साथ-साथ राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा।
राहुल गांधी को बताया दिशाहीन और गैर-जिम्मेदार
संसद में चल रहे गतिरोध को लेकर केंद्रीय मंत्री ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल गांधी को दिशाहीन और गैर-जिम्मेदार नेता करार देते हुए आरोप लगाया कि वे लगातार संसद की कार्यवाही को बाधित करने का काम कर रहे हैं। अन्नपूर्णा देवी ने नसीहत देते हुए कहा कि विपक्ष का काम सरकार का विरोध करना है, लेकिन उसे अपनी बात लोकतांत्रिक और संसदीय तरीके से रखनी चाहिए। सदन की कार्यवाही में बार-बार व्यवधान डालना किसी भी दृष्टिकोण से उचित नहीं है।
छात्र आंदोलन को लेकर हेमंत सरकार को घेरा
झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं (JPSC-JSSC) में कथित गड़बड़ी को लेकर चल रहे उग्र छात्र आंदोलन पर भी अन्नपूर्णा देवी ने अपनी चिंता जाहिर की। राज्य सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा और छात्र तेज बारिश और चिलचिलाती धूप की परवाह किए बिना सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। कई छात्र अपनी जायज मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों का सुरक्षित भविष्य किसी भी सरकार की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
"नहीं संभल रही स्थिति, तो जिम्मेदारी लें CM"
केंद्रीय मंत्री ने सीधे तौर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को निशाने पर लेते हुए कहा कि राज्य सरकार छात्रों के मुद्दों को सुलझाने में पूरी तरह से विफल साबित हो रही है। यदि सरकार छात्रों की समस्याओं का समाधान करने और इस आंदोलन को संभालने में सक्षम नहीं है, तो मुख्यमंत्री को आगे आकर अपनी विफलता और जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए।
अपने दौरे के अंतिम चरण में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने स्थानीय लोगों और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जिले के विकास और स्थानीय समस्याओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

प्रिंस खान का गुर्गा पुलिस मुठभेड़ में घायल, हथियार और बम बरामद

10 अगस्त को गिरिडीह से रांची कूच करेंगे हजारों छात्र, हेमंत सरकार पर बरसे भाजयुमो नेता







