प्रिंस खान का गुर्गा पुलिस मुठभेड़ में घायल, हथियार और बम बरामद
हजारीबाग के बड़कागांव में हाईवा पर फायरिंग मामले में पुलिस ने प्रिंस खान गैंग के गुर्गे को मुठभेड़ में घायल कर हथियार, बम और धमकी भरे पर्चे बरामद किए।

Hazaribagh: हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर 25 जुलाई की रात दो हाईवा गाड़ियों पर अज्ञात अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने बड़कागांव थाना में कांड संख्या 133/26 के तहत मामला दर्ज कर अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन जांच अभियान शुरू कर दिया था।
मोबाइल जांच में खुला प्रिंस खान गैंग से कनेक्शन
मामले की छानबीन के दौरान पुलिस ने पिपराडीह निवासी अंकित कुमार पांडेय को संदेह के आधार पर पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, जब आरोपी के मोबाइल फोन को खंगाला गया, तो टेलीग्राम ऐप पर कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके गिरोह के सदस्यों के साथ उसकी बातचीत के पुख्ता साक्ष्य मिले। कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने यह स्वीकार कर लिया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर इस गोलीबारी को अंजाम दिया था और वारदात के बाद प्रिंस खान गिरोह के नाम से धमकी भरे पर्चे भी छोड़े थे।
पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश, पैर में लगी गोली
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर एक टीम पिपराडीह गांव के पास स्थित एक बंद पड़े गैस प्लांट में हथियार और बम बरामद करने पहुंची थी। इसी दौरान अंकित कुमार पांडेय ने अचानक एक पुलिसकर्मी को जोर से धक्का दे दिया और वहां बरामद की गई पिस्तौल उठाकर पुलिस पर ही फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी अंकित के पैर में गोली लग गई और वह वहीं गिर पड़ा। घायल अवस्था में उसे तुरंत बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पिस्तौल, बम और धमकी भरे पर्चे बरामद
इस पूरी कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, एक मिसफायर कारतूस, एक जिंदा गोली, एक देसी बम और चार हस्तलिखित धमकी भरे पर्चे बरामद किए हैं। पुलिस अधिकारी अब इस पूरे नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। आरोपी के अन्य फरार साथियों और प्रिंस खान गिरोह से उसके संबंधों की गहराई से जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस मामले में आगे चलकर गैंग से जुड़े कई अन्य अहम खुलासे भी हो सकते हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

RANCHI : कुत्ते पर एयर गन से हमले का आरोप, FIR की मांग को लेकर थाने पहुंचे पशु प्रेमी

पाकुड़ में सड़क हादसे में युवक की मौत, रातभर हाईवे जाम ; 7 घंटे बाद खुला रास्ता







