रांची में 9 अगस्त को कई सड़कें रहेंगी बंद, एडवाइजरी जारी
रांची में 9 अगस्त को आदिवासी महोत्सव और जतरा कार्यक्रम के चलते कई प्रमुख मार्गों पर नो-एंट्री रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने पार्किंग और वैकल्पिक रूट को लेकर एडवाइजरी जारी की है।

Ranchi: झारखंड आदिवासी महोत्सव 2026 और जतरा कार्यक्रम को लेकर रांची पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। 9 और 10 अगस्त को बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में कई अहम बदलाव किए गए हैं। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाने से बचें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें।
इन मार्गों पर रहेगी नो-एंट्री
रांची ट्रैफिक पुलिस के अनुसार 9 अगस्त को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक जेल चौक से करमटोली चौक, करमटोली चौक से एसएसपी आवास मोड़ और एसएसपी आवास मोड़ से बापू वाटिका तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान इन मार्गों पर नो-एंट्री लागू रहेगी।
वाहनों के लिए बनाई गई विशेष पार्किंग व्यवस्था
कार्यक्रम में आने वाले लोगों के लिए रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान को मुख्य पार्किंग स्थल बनाया गया है। खूंटी, जमशेदपुर, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, रातू, कांके और पिठोरिया की ओर से रिंग रोड और चांदनी चौक होकर आने वाले सभी वाहन यहीं पार्क किए जाएंगे।
इसके अलावा धुर्वा, हिनू, डोरंडा, मेन रोड, लालपुर, कांटाटोली, हरमू और अरगोड़ा की ओर से न्यू मार्केट चौक, रेडियम चौक और सिद्दू-कान्हू मोड़ होते हुए आने वाले वाहनों के लिए भी रांची यूनिवर्सिटी फुटबॉल मैदान में ही पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
इन इलाकों में चारपहिया वाहन ले जाने से बचें
रांची ट्रैफिक एसपी ने लोगों से अपील की है कि कार्यक्रम के दौरान जेल चौक, करमटोली चौक, एसएसपी आवास चौक और मोराबादी के आसपास चारपहिया वाहन लेकर जाने से बचें। यदि अत्यंत आवश्यक हो, तभी इन मार्गों का उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
जरूरत पड़ने पर बदले जा सकते हैं रूट
ट्रैफिक पुलिस ने यह भी कहा है कि भीड़ की स्थिति को देखते हुए आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों पर भी अस्थायी रूप से ट्रैफिक डायवर्ट किया जा सकता है या कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही रोकी जा सकती है। ऐसे में लोगों से प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने और यात्रा से पहले ट्रैफिक व्यवस्था की जानकारी लेने की अपील की गई है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

झारखंड : स्वतंत्रता सेनानी ने दान की थी जमीन, आज बदहाली के आंसू रो रहा जोजोहातू का सरकारी स्कूल ; एक ही कमरे में चल रहीं 8 कक्षाएं

गिरिडीह SP कार्यालय में क्राइम मीटिंग, पुलिस अधिकारियों को मिला नया टास्क







