JPSC विवाद पर इरफान अंसारी का बड़ा बयान, बोले- JPSC घोटाले की शुरुआत BJP के राज में हुई
JPSC विवाद के बीच स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने BJP पर गंभीर आरोप लगाते हुए 2000 से 2026 तक सभी JPSC परीक्षाओं की CID जांच कराने की मांग की। छात्रों से आंदोलन का राजनीतिकरण न करने की अपील की।

JPSC Scam : झारखंड में जेपीएससी (JPSC) परीक्षा में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक को लेकर चल रहे भारी बवाल के बीच राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। शनिवार को जामताड़ा स्थित अपने आवासीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने JPSC विवाद का ठीकरा सीधे तौर पर भाजपा के सिर फोड़ा। उन्होंने कहा कि JPSC में घोटाले और धांधली की शुरुआत दरअसल भाजपा शासनकाल में ही हुई थी। भाजपा ने जो भ्रष्टाचार का गड्ढा खोदा है, उसे भरने में हमारी सरकार को समय लगेगा।
बाबूलाल मरांडी पर निशाना, 24 साल के JPSC की CID जांच की मांग
डॉ. अंसारी ने झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और वर्तमान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी पर सीधा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि आज बाबूलाल मरांडी जेपीएससी घोटाले को लेकर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन उन्हें नैतिकता के आधार पर खुद आत्ममंथन करना चाहिए, क्योंकि जेपीएससी में अनियमितताओं की शुरुआत उनके कार्यकाल से ही हुई थी। स्वास्थ्य मंत्री ने एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री से मांग करेंगे कि केवल 14वीं JPSC परीक्षा की ही जांच न हो, बल्कि राज्य गठन के बाद वर्ष 2000 से लेकर 2026 तक आयोजित सभी JPSC परीक्षाओं की सीआईडी (CID) जांच कराई जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस व्यापक जांच से ही पूरी सच्चाई सामने आएगी और दूध का दूध तथा पानी का पानी हो जाएगा।
'छात्रों के साथ खड़ी है सरकार, तत्काल दी गई मेडिकल सुविधा'
राजधानी में चल रहे छात्र आंदोलन के संबंध में डॉ. अंसारी ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार छात्रों की समस्याओं को लेकर पूरी तरह गंभीर है और कदम-कदम पर उनके साथ खड़ी है। उन्होंने जानकारी दी कि आंदोलन के दौरान जब छात्र राहुल क्रांति की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली, तो सरकार की ओर से बिना कोई देरी किए तत्काल मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराई गई। एंबुलेंस भेजकर चिकित्सकों की विशेष टीम के माध्यम से उनका समुचित इलाज कराया गया। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि छात्रों की मांगों को पूरा करने की दिशा में सरकार लगातार गंभीर प्रयास कर रही है, लेकिन कुछ व्यावहारिक बिंदुओं पर छात्रों को भी सरकार का पक्ष समझना होगा। सरकार छात्रों के हित में सकारात्मक कदम उठाएगी और उन्हें हर हाल में न्याय दिलाया जाएगा।
'आंदोलन का राजनीतिकरण न हो, किसी के बहकावे में न आएं छात्र'
विपक्ष पर निशाना साधते हुए डॉ. अंसारी ने कहा कि यह पूरी तरह से छात्रों का अपना आंदोलन है और सरकार लगातार उनसे सकारात्मक बातचीत कर रही है, ऐसे में इस मुद्दे का राजनीतिकरण करना कतई उचित नहीं है। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से भावुक अपील की कि वे किसी भी नेता या राजनीतिक दल के बहकावे में न आएं और अपनी सरकार पर पूरा भरोसा रखें। JPSC मामले में सरकार की कार्रवाई का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच चल रही है और कई गिरफ्तारियां भी हुई हैं। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। इसके अलावा, प्रेस वार्ता के अंत में मंत्री ने जैन समुदाय को भी विशेष रूप से बधाई दी। उन्होंने कहा कि जैन समाज ने एकजुटता की एक बड़ी मिसाल पेश की है और पूरे देश को यह संदेश दिया है कि जाति एवं धर्म से ऊपर उठकर कैसे एकजुट हुआ जा सकता है। इस मौके पर कांग्रेस नेता इरशाद उल हक अर्शी, विनोद छतरिय और ब्लू चक्रवर्ती समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

AISA अध्यक्ष नेहा बोरा पर स्याही फेंकने वाला हजारीबाग का युवक गया जेल

दोस्त ही निकले कातिल!, पुलिस ने सुलझाई धर्मेंद्र की मौत की गुत्थी, मछली के लिए डैम में दिया था धक्का







