झुमरी तिलैया में फिर सक्रिय हुआ चेन स्नैचर गिरोह, बर्थडे के दिन महिला बनी शिकार, 2 लाख के गहने पर हाथ साफ
कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में बाइक सवार उचक्कों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है।


Koderma: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र में बाइक सवार उचक्कों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला है। ताजा वारदात अड्डी बंग्ला इलाके की है, जहां ई-रिक्शा से उतर रही एक महिला के गले से दिनदहाड़े सोने की चेन झपटकर दो बदमाश फरार हो गए। पीड़िता की पहचान संगीता जैन के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि छीनी गई सोने की चेन की कीमत करीब दो लाख रुपये से अधिक थी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जैन गुरु के आहार के लिए जाते वक्त हुई घटना
झुमरी तिलैया में इन दिनों जैन संत सुयश सागर जी महाराज का प्रवास चल रहा है। बुधवार को महाराज जी के आहार की व्यवस्था अड्डी बंग्ला स्थित अजय जैन के आवास पर की गई थी। संयोग से बुधवार को संगीता जैन का जन्मदिन भी था, इसलिए उन्होंने इस पावन अवसर पर अपने हाथों से बना भोजन गुरुजी को कराने का संकल्प लिया था। वह अपनी बेटी के साथ ई-रिक्शा (टोटो) में सवार होकर अजय जैन के घर पहुंची थीं।
ई-रिक्शा से उतरते ही झपटा बाइक सवार, 2 लाख की चेन लेकर फरार
जैसे ही संगीता जैन अजय जैन के घर के ठीक सामने ई-रिक्शा से नीचे उतर रही थीं, तभी सामने से तेज रफ्तार में एक बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाश आ धमके। पीड़िता कुछ समझ पाती, इससे पहले ही बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने बिजली की फुर्ती से उनके गले पर झपट्टा मारा और दो लाख रुपये से अधिक कीमत की सोने की चेन खींच ली। इसके बाद दोनों अपराधी गाड़ी की रफ्तार बढ़ाकर पलक झपकते ही गलियों में ओझल हो गए।
CCTV में कैद हुई पूरी वारदात, फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
वारदात के तुरंत बाद संगीता जैन और आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए स्नैचरों का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार बाइक सवार भागने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाइक सवार लुटेरों के हुलिए और भागने के रूट को ट्रैक कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

15 करोड़ का खेल, 500 फर्जी सिलेक्शन!, JPSC महाघोटाले में CID का बड़ा एक्शन, डेढ़ दर्जन अभ्यर्थियों की बैंक डिटेल्स खंगाल रही पुलिस

ऑपरेशन प्रहार में पलामू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 121 किलो गांजा बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार







