गिरिडीह में JMM नेताओं पर गैर-जमानती धाराओं में केस, मंटू मुर्मू अस्पताल में भर्ती
गिरिडीह के ऐतिहासिक झंडा मैदान में CM हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने की तैयारी कर रहे छात्र नेताओं और अभ्यर्थियों पर हमले के मामले ने पूरे राज्य की सियासत में भूचाल ला दिया है।


Giridih: गिरिडीह के ऐतिहासिक झंडा मैदान में CM हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने की तैयारी कर रहे छात्र नेताओं और अभ्यर्थियों पर हमले के मामले ने पूरे राज्य की सियासत में भूचाल ला दिया है। JMM नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा छात्रों की कथित बेरहमी से की गई पिटाई के बाद छात्र संगठनों के साथ-साथ विपक्षी दल भी हेमंत सरकार पर पूरी तरह हमलावर हो गए हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद गिरिडीह नगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए JMM के जिलाध्यक्ष समेत 11 नामजद नेताओं के खिलाफ जानलेवा हमले और गैर-जमानती धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
JMM जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत 11 नेता बने नामजद अभियुक्त
छात्र नेता अनीश राय द्वारा नगर थाने में दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर कांड संख्या 178/26 दर्ज की गई है। पुलिस ने JMM के जिलाध्यक्ष संजय सिंह के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता अजीत कुमार पप्पू, लखन राम, अशोक राम, मोहम्मद असलम, राकेश सिंह उर्फ टुन्ना सिंह, सन्नी रायन, ब्रजमोहन तुरी, रॉकी सिंह, डब्लू यादव और इम्तियाज अली को नामजद अभियुक्त बनाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए BNS की धारा 191(2), 190, 126(2), 15(2), 307 (हत्या का प्रयास) और धारा 324 जैसी संगीन और गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
JPSC-CGL गड़बड़ी के विरोध में पुतला फूंकने पहुंचे थे छात्र
पीड़ित छात्र नेता अनीश राय ने पुलिस को दिए आवेदन में गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि JPSC-CGL परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों और धांधली के खिलाफ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत छात्रों का एक समूह झंडा मैदान में CM हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने जुटा था। छात्र जैसे ही पुतला जलाने की तैयारी कर रहे थे, तभी JMM के दर्जनों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अचानक उन पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले में कई छात्र लहूलुहान होकर घायल हो गए, जबकि गंभीर रूप से चोटिल छात्र नेता मंटू मुर्मू का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मामले की गहन जांच में जुटी नगर थाना पुलिस
राजधानी रांची से लेकर गिरिडीह तक छात्रों पर हुए इस कथित हमले के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। घटना के वीडियो फुटेज भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसे लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़े सवाल उठ रहे हैं। गिरिडीह नगर थाना पुलिस ने केस दर्ज करने के बाद घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दर्ज प्राथमिकी के आधार पर सभी तथ्यों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के अनुसार आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

मां ने मजदूरी कर पाला, बेटे ने रौशन किया नाम!, तीरंदाज सुधीर सांगा का हजारीबाग SAI में सलेक्शन

गुमला में राहुल गांधी पर FIR के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, PM मोदी का पुतला फूंका







