मां ने मजदूरी कर पाला, बेटे ने रौशन किया नाम!, तीरंदाज सुधीर सांगा का हजारीबाग SAI में सलेक्शन
खूंटी के युवा तीरंदाज सुधीर सांगा का SAI हजारीबाग में चयन हुआ है। मजदूर मां के बेटे सुधीर ने 2025 में अंडर-13 नेशनल तीरंदाजी में गोल्ड मेडल जीता था।

Khunti News : खूंटी जिले के रहने वाले युवा तीरंदाज सुधीर सांगा ने अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा के दम पर एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। कभी बांस की लकड़ी और उधार के धनुष-तीर से अभ्यास शुरू करने वाले सुधीर का चयन अब भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), हजारीबाग के लिए हो गया है। सुधीर अब वहां रहकर तीरंदाजी की हाई लेवल ट्रेनिंग लेंगे और अपने खेल को और निखारेंगे।
पिता के निधन के बाद मां ने मजदूरी कर पाला, बेटे ने नहीं छोड़ी हिम्मत
डूमरदगा गांव के निवासी सुधीर का बचपन बेहद तंगी और मुश्किलों में बीता। कम उम्र में ही पिता का साया सिर से उठ जाने के बाद उनकी मां बिरंग पाहन ने मजदूरी करके परिवार का पेट पाला। तीरंदाजी के महंगे धनुष-तीर खरीदना परिवार के बस में नहीं था, इसलिए सुधीर ने शुरुआत में बांस से बने देसी धनुष से ही निशाना साधना शुरू किया। बाद में एक उधार का आधुनिक धनुष मिलने पर उन्होंने दिन-रात पसीना बहाया।
आंध्र प्रदेश में जीता था नेशनल गोल्ड, स्कूल गेम्स में भी लहराया परचम
सुधीर की मेहनत का असर तब देखने को मिला, जब उन्होंने साल 2025 में आंध्र प्रदेश में आयोजित अंडर-13 नेशनल तीरंदाजी प्रतियोगिता में पूरे देश के खिलाड़ियों को पीछे छोड़ते हुए गोल्ड मेडल जीता था। इससे पहले भी वे साल 2024 में गुजरात और 2025 में उत्तर प्रदेश में आयोजित स्कूल नेशनल गेम्स में झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। बेटे की इस बड़ी कामयाबी पर भावुक मां ने कहा कि गरीबी के बावजूद बेटे ने कभी हिम्मत नहीं हारी और अब सपना है कि वह देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीतकर लाए।
नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय बना बच्चों का बड़ा सहारा
सुधीर खूंटी स्थित 'नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय' के छात्र हैं। स्कूल प्रबंधन ने बताया कि यह संस्थान अनाथ, सिंगल पैरेंट, बाल मजदूरी से छुड़ाए गए और नक्सल प्रभावित परिवारों के बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ तीरंदाजी से जोड़कर आगे बढ़ाने का काम कर रहा है। स्कूल का ट्रैक रिकॉर्ड भी काफी शानदार रहा है, जहां से अब तक 2 छात्रों का चयन भारतीय खेल प्राधिकरण में हो चुका है, 8 बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर मेडल जीत चुके हैं और एक छात्र ने एशियन यूथ पैरा गेम्स में देश के लिए गोल्ड मेडल हासिल किया है। सुधीर के चयन से पूरे गांव और स्कूल में जश्न का माहौल है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

PM किसान योजना और फ्लिपकार्ट के नाम पर करते थे ठगी, देवघर पुलिस की रेड में धरे गए 6 साइबर क्रिमिनल

सलाखों के पीछे ही रहेगा झारखंड का सबसे बड़ा मानव तस्कर!, पन्ना लाल महतो मामले में कोर्ट का नया फैसला, 15 सितंबर को अगली तारीख







