छात्रों के मुद्दे पर आर-पार के मूड में BJP!, 48 घंटे का अल्टीमेटम खत्म, 8 सितंबर से सभी 24 जिलों में DC-SP दफ्तरों का घेराव
झारखंड में छात्रों के मुद्दे पर BJP ने सरकार के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया है। 8 सितंबर से 24 जिलों में DC और SP कार्यालयों का घेराव होगा। पार्टी भर्ती परीक्षाओं की CBI जांच और छात्रों पर दर्ज केस वापस लेने की मांग कर रही है।

BJP Jharkhand : छात्रों पर दर्ज केस वापस लेने और पिछले 7 सालों की सभी बहाली परीक्षाओं की सीबीआई (CBI) जांच कराने की मांग को लेकर बीजेपी ने झारखंड सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। राज्य सरकार को दिया गया 48 घंटे का अल्टीमेटम पूरा होते ही बीजेपी ने प्रदेश के सभी 24 जिलों में चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान कर दिया है। 8 सितंबर से शुरू होने वाले इस आंदोलन के तहत पार्टी कार्यकर्ता लगातार चार दिनों तक हर जिले में प्रदर्शन करेंगे और डीसी (DC) व एसपी (SP) कार्यालय का घेराव करेंगे।
चार दिनों में 24 जिलों का घेराव, जानिए पूरा शेड्यूल
बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हर दिन 6 जिलों में घेराव कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। आंदोलन की शुरुआत 8 सितंबर को रांची, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर और गढ़वा से होगी। इसके बाद 9 सितंबर को कोडरमा, साहिबगंज, बोकारो, पलामू, सिमडेगा और चाईबासा में प्रदर्शन होगा। 10 सितंबर को सरायकेला, पाकुड़, धनबाद, गुमला, लातेहार और चतरा में घेराव किया जाएगा, जबकि 11 सितंबर को रामगढ़, देवघर, लोहरदगा, खूंटी, गोड्डा और जामताड़ा में बीजेपी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे।
छात्रों के साथ अपराधियों जैसा बर्ताव कर रही सरकार: आदित्य साहू
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि झारखंड के इतिहास में ऐसा पहली बार हो रहा है जब अपने हक के लिए आवाज उठा रहे छात्रों पर मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों को पीटने वाले सत्ताधारी दल के कार्यकर्ताओं पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई? साहू ने कहा कि सरकार को बालू, पत्थर और कोयला माफियाओं को पकड़ना चाहिए, लेकिन पुलिस राज्य का भविष्य कहे जाने वाले बेकसूर युवाओं को निशाना बना रही है।
सीबीआई जांच कराए सरकार, वरना हालात संभालना होगा मुश्किल
आदित्य साहू ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि मुकदमों से छात्रों की आवाज दबाने की भूल कतई न करें। अगर समय रहते छात्रों पर दर्ज फर्जी मुकदमे रद्द नहीं किए गए और परीक्षाओं की सीबीआई जांच की सिफारिश नहीं हुई, तो छात्रों के साथ उनके परिजन और पूरा समाज सड़कों पर उतर जाएगा। उस वक्त पैदा होने वाले हालात को संभालना इस सरकार के बस की बात नहीं होगी। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश प्रवक्ता रामाकांत महतो, दीनदयाल बरनवाल, रवि नाथ किशोर और मीडिया सह प्रभारी अजय राय भी मौजूद रहे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

कॉल करते ही 8 मिनट में पहुंचेगी पुलिस!, जमशेदपुर में डायल 112 का कमाल, अगस्त में निपटाईं 1746 शिकायतें

हजारीबाग में होमगार्ड जवान से मारपीट के आरोप में आंगो थाना प्रभारी की 'छुट्टी', दीपक कुमार को मिली जिम्मेदारी







