सड़क हादसे से खुला गोतस्करी का बड़ा सिंडिकेट!, चतरा में तस्करों की पिकअप पलटने से 15 मवेशियों की दम घुटने से मौत
चतरा जिले के मयूरहंड थाना क्षेत्र में शनिवार अहले सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में चल रहे अवैध गोतस्करी के बड़े नेटवर्क की पोल खोलकर रख दी है।


Chatra: चतरा जिले के मयूरहंड थाना क्षेत्र में शनिवार अहले सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में चल रहे अवैध गोतस्करी के बड़े नेटवर्क की पोल खोलकर रख दी है। चतरा-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर हुसिया बाजार से आगे पंचमो जंगल के समीप मवेशियों से लदा एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में वाहन के भीतर क्रूरतापूर्वक ठूंसकर ले जाई जा रही करीब 15 गायों की दबने और दम घुटने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 से 4 मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए।
पैर बांधकर की जा रही थी तस्करी, हादसे के बाद ग्रामीणों ने शुरू किया रेस्क्यू
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार तड़के करीब 4 बजे की है। तस्करों ने मवेशियों के पैर रस्सियों से बांधकर उन्हें बेहद अमानवीय तरीके से पिकअप वाहन में लाद रखा था। पंचमो जंगल के पास चालक का नियंत्रण खो गया और वाहन पलट गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर वाहन में फंसे घायल व मृत मवेशियों को बाहर निकाला। तस्करों की इस अमानवीय क्रूरता को देखकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
घायल मवेशियों का इलाज जारी, मृत गायों को दफनाने की प्रक्रिया शुरू
घटना की सूचना मिलते ही मयूरहंड थाना प्रभारी राहुल दुबे पुलिस बल के साथ फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है। पशु चिकित्सकों की टीम को मौके पर बुलाकर घायल गायों का त्वरित उपचार कराया जा रहा है, वहीं मृत मवेशियों का नियमानुसार पोस्टमार्टम और दफनाने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
तस्करों के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, प्राथमिकी दर्ज
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पुलिस ने मवेशी क्रूरता निवारण अधिनियम और गोवंश तस्करी से संबंधित सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार तस्करों के पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई है, ताकि इस अवैध धंधे में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

चतरा : खेल दिवस की खुशियां मातम में बदलीं, वज्रपात की चपेट में 14 वर्षीय छात्र की मौत

सालों का इंतजार खत्म!, रांची नगर निगम क्षेत्र के पारा शिक्षकों को मिला बड़ा तोहफा, मेयर की बैठक में हुआ फैसला







