रांची में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर बड़ी कार्रवाई!, एक दिन में 3504 चालान, सबसे ज्यादा हेलमेट के
राजधानी रांची में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सोमवार को बड़ा अभियान चलाया।


Ranchi traffic Police: राजधानी रांची में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सोमवार को बड़ा अभियान चलाया। SSP राकेश रंजन के निर्देश पर शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक SP राकेश कुमार सिंह ने किया।
इस दौरान चारपहिया, दोपहिया, ऑटो और टोटो समेत विभिन्न वाहनों की सघन जांच की गई। ट्रैफिक पुलिस की कार्रवाई में एक ही दिन में 3504 चालान काटे गए।
बिना हेलमेट वालों पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
जांच के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ हुई। पुलिस ने ऐसे 1876 चालान काटे। वहीं नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने के मामले में 1010 चालान किए गए।
इसके अलावा ओवरस्पीडिंग के 352, रेड लाइट जंप करने के 127, गलत साइड वाहन चलाने के 39 और नो-एंट्री में वाहन ले जाने के 20 मामले पकड़े गए।
ड्राइविंग लाइसेंस से लेकर शराब पीकर गाड़ी चलाने तक कार्रवाई
बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर 10 और सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 8 चालान काटे गए। पिलियन राइड से जुड़े भी 8 मामलों में कार्रवाई हुई।
पुलिस ने फैंसी नंबर प्लेट के 6, प्रदूषण प्रमाणपत्र के 7 और इंश्योरेंस से जुड़े 3 मामलों में भी चालान काटे। शराब पीकर वाहन चलाने के 3 मामले सामने आए।
इसके अलावा बिना यूनिफॉर्म वाहन चलाने के 2 तथा प्रेशर हॉर्न, अतिरिक्त यात्री और मॉडिफाइड साइलेंसर के एक-एक मामले में भी कार्रवाई की गई। अन्य यातायात उल्लंघनों के 19 चालान काटे गए।
कार्रवाई के बीच राजधानी की सड़कों पर लगा जाम
सोमवार को ट्रैफिक जांच के साथ ही राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति भी देखने को मिली। रातू रोड फ्लाइओवर से कचहरी जाने वाली लेन में वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
वहीं लालपुर से कचहरी चौक और बरियातू से बूटी मोड़ जाने वाली सड़क पर भी यातायात रुक-रुककर चलता रहा। रातू रोड चौराहा से किशोरगंज चौक तक भी वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली।
जाम के कारण वाहन चालकों और आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिस का कहना है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पलामू में शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा, छात्र उपस्थिति और APAAR ID पर डीसी ने दिए सख्त निर्देश

रांची में डॉक्टर से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी!, आधी रात में दर्जनों कॉल, गोली मारने की धमकी से...







