रांची में डॉक्टर से मांगी 5 करोड़ की रंगदारी!, आधी रात में दर्जनों कॉल, गोली मारने की धमकी से...
रांची के अशोक नगर निवासी डॉक्टर दुर्गा चरण सिन्हा से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है।


Ranchi: रांची के अशोक नगर निवासी डॉक्टर दुर्गा चरण सिन्हा से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। डॉक्टर की शिकायत पर अरगोड़ा थाना में 23 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
डॉक्टर के मुताबिक, 29 जुलाई से उनके मोबाइल पर एक नंबर से लगातार फोन और मिस्ड कॉल आने लगे। पहली कॉल रात करीब 12:45 बजे आई। इसके बाद उसी रात करीब 42 बार फोन और मिस्ड कॉल किए गए। 31 जुलाई को भी करीब 22 बार कॉल आई, जबकि 2 अगस्त को करीब 52 बार फोन करने की कोशिश की गई।
पहले जमीन खरीदने की बात, फिर धमकी और रंगदारी
शिकायत के अनुसार, शुरुआत में फोन करने वाले व्यक्ति ने डॉक्टर से उनकी पैतृक जमीन खरीदने में रुचि होने की बात कही। इसी बहाने आरोपी ने डॉक्टर और उनके परिवार से जमीन से जुड़ी जानकारी जुटानी शुरू कर दी।
आरोप है कि उसने डॉक्टर की पत्नी से भी फोन पर बातचीत की और अरगोड़ा के पास स्थित जमीन के बारे में जानकारी हासिल की। डॉक्टर ने पुलिस को यह भी बताया है कि आरोपी ने सिसई के एक सफाईकर्मी से उनका मोबाइल नंबर लिया था।
'गोली मारने पर ही बात समझ में आएगी'
मामला तब गंभीर हो गया जब 2 अगस्त को आरोपी ने कथित तौर पर डॉक्टर को जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के मुताबिक, फोन करने वाले ने धमकाते हुए कहा कि गोली मारने पर ही बात समझ में आएगी।
इसके बाद करीब एक घंटे तक लगातार फोन आने की बात कही गई है। डॉक्टर ने पुलिस को कुछ कॉल की रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराई है। इसके अलावा दो अन्य कॉल की बातचीत रिकॉर्ड होने का भी शिकायत में उल्लेख है।
कॉल डिटेल और ऑडियो रिकॉर्डिंग से आरोपी तक पहुंचेगी पुलिस
पुलिस अब आरोपी तक पहुंचने के लिए संबंधित मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल, ऑडियो रिकॉर्डिंग और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी को डॉक्टर का मोबाइल नंबर कैसे मिला और पैतृक जमीन से जुड़ी जानकारी जुटाने के पीछे उसकी असल मंशा क्या थी।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

पलामू में शिक्षा व्यवस्था की समीक्षा, छात्र उपस्थिति और APAAR ID पर डीसी ने दिए सख्त निर्देश

करंट की चपेट में आने से 12 साल के शिवांश की मौत, घर के लोहे के दरवाजे में उतरा था करंट







