क्या आतंकी संगठनों से जुड़ गए हैं प्रिंस खान के तार?, धनबाद में NIA ने डाला डेरा, पाकिस्तानी कनेक्शन खंगाल रही टीम
प्रिंस खान के संगठित आपराधिक नेटवर्क और विदेश में बैठे आकाओं की कुंडली खंगालने के लिए एनआईए की टीम गुरुवार को धनबाद पहुंची।

Dhanabd News: धनबाद के वासेपुर इलाके के फरार कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ अब राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) ने अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। प्रिंस खान के संगठित आपराधिक नेटवर्क और विदेश में बैठे आकाओं की कुंडली खंगालने के लिए एनआईए की टीम गुरुवार को धनबाद पहुंची। टीम ने जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर उसके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों और स्थानीय नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां जुटानी शुरू कर दी हैं।
पाकिस्तान और आतंकी संगठन जैश से जुड़े तार?
NIA की इस जांच का मुख्य केंद्र प्रिंस खान का कथित पाकिस्तानी और आतंकी कनेक्शन है। खुफिया सूत्रों के मुताबिक, विदेश में फरारी काटने के दौरान प्रिंस खान के तार पाकिस्तानी महिला फोजिया बलोच और उसके जीजा तौकिर बलोच से जुड़े हैं। ऐसा दावा किया जा रहा है कि तौकिर के जरिए ही प्रिंस खान की पहुंच प्रतिबंधित आतंकी संगठन 'जैश-ए-मोहम्मद' से जुड़े लोगों तक बनी है। हालांकि, NIA अभी इन तमाम खुफिया दावों और सबूतों की अपने स्तर पर गहन पड़ताल कर रही है।
झारखंड में गुर्गों और आर्थिक स्रोतों की हो रही पड़ताल
NIA की टीम सिर्फ विदेश ही नहीं, बल्कि धनबाद और पूरे झारखंड में फैले प्रिंस खान के सिंडिकेट, उसके वासेपुर के गुर्गों, मददगारों और आर्थिक स्रोतों को भी अपने रडार पर ले रही है। वासेपुर में उसके पुराने संपर्कों और वसूली के जरिए होने वाली फंडिंग की बारीकी से जांच की जा रही है। धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस, प्रिंस खान से जुड़ी हर खुफिया और आपराधिक जानकारी एनआईए के साथ साझा कर रही है, ताकि केंद्रीय एजेंसी अपने स्तर से कड़ी कार्रवाई कर सके।
ठोस सबूत मिले तो लगेगा आतंकवाद का केस
जांच अब इस बात पर केंद्रित है कि प्रिंस खान का खौफ केवल झारखंड तक सीमित है या वह किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय आतंकी सिंडिकेट का हिस्सा बन चुका है। अगर एनआईए की जांच में आतंकी संगठनों से सांठगांठ के ठोस और तकनीकी सुराग मिलते हैं, तो उसके खिलाफ आतंकवाद से जुड़े कड़े प्रावधानों (UAPA आदि) के तहत भी मामला दर्ज किया जा सकता है। इससे प्रिंस खान और उसके मददगारों के लिए सारे रास्ते बंद हो जाएंगे।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

JPSC-JSSC Protest : छात्रों के आंदोलन में राजनीतिक दलों की एंट्री?, प्रदर्शन में तोड़फोड़ करने वालों की लिस्ट तैयार, जल्द होगी गिरफ्तारी

20 लाख की रंगदारी, फिर आया दूसरा कॉल..., कहा- तुम्हारे लिए शूटर निकल चुका है







