जयराम महतो का ‘एग्रेशन’ फिर चर्चा में, विधायक जी से सवाल पूछना इतना भारी क्यों? ; अब महिला पत्रकार का कैमरा छीनने और मेमोरी कार्ड निकालने का आरोप
धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ कथित अभद्र बातचीत को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब रांची में एक महिला पत्रकार के साथ उनके व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

Ranchi: डुमरी विधायक और JLKM प्रमुख जयराम महतो एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ कथित अभद्र बातचीत को लेकर चल रहे विवाद के बीच अब रांची में एक महिला पत्रकार के साथ उनके व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि बातचीत के दौरान महिला पत्रकार का कैमरा छीन लिया गया और उसका मेमोरी कार्ड निकालकर अपने पास रख लिया गया।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर विधायक पक्ष का विस्तृत जवाब सामने आना अभी बाकी है। इसलिए महिला पत्रकार की ओर से लगाए गए आरोपों को फिलहाल आरोप के तौर पर ही देखा जाना चाहिए।
पुलिस विवाद के बाद रांची में पत्रकारों से बातचीत
दरअसल, बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ जयराम महतो की कथित गाली-गलौज वाली बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा। इसके बाद विधायक रांची पहुंचे और दिनभर पत्रकारों से बातचीत करते नजर आए।
इसी दौरान एक महिला पत्रकार ने उनसे पुलिस पर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर सवाल किया। बताया जा रहा है कि पत्रकार ने पूछा कि अगर पुलिस के किसी अधिकारी या कर्मचारी पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं, तो उनके नाम सार्वजनिक तौर पर क्यों नहीं बताए जा रहे हैं।
इस पर जयराम महतो ने कथित तौर पर जवाब दिया कि पत्रकार हैं तो खुद पता करिए। महिला पत्रकार ने जब सवाल किया कि आरोप विधायक की ओर से लगाए जा रहे हैं, इसलिए उसका जवाब और सबूत भी उन्हें ही देना चाहिए, तो बातचीत गर्म हो गई।
‘पहले पत्रकारिता सीखकर आइए’ कहने का आरोप
आरोप है कि इसके बाद जयराम महतो ने महिला पत्रकार से कहा कि पहले पत्रकारिता सीखकर आएं और वहां से चले जाएं। इसी दौरान उनके साथ मौजूद लोगों ने महिला पत्रकार का कैमरा ले लिया।
महिला पत्रकार का दावा है कि कैमरा लेने के बाद उसमें लगा मेमोरी कार्ड निकाल लिया गया और काफी देर तक वापस नहीं किया गया। बताया जा रहा है कि पत्रकार करीब तीन घंटे तक मेमोरी कार्ड मिलने का इंतजार करती रहीं।
इस पूरे मामले के बाद जयराम महतो के व्यवहार को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या किसी जनप्रतिनिधि से उनके लगाए गए आरोपों पर सवाल करना गलत है?
हालांकि अब देखना होगा कि इस पूरे घटनाक्रम पर जयराम महतो की ओर से क्या सफाई सामने आती है और कैमरा व मेमोरी कार्ड को लेकर लगाए गए आरोपों पर उनका क्या जवाब होता है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

दिल्ली के बुराड़ी से धरे गए दो और मुन्नाभाई!, JSSC-CGL पेपर लीक मामले में CID का बड़ा एक्शन, बिहार के दो आरोपी गिरफ्तार

JPSC परीक्षा मामले में नया मोड़!, आरोपी लालू यादव ने CID की विशेष अदालत में लगाई जमानत की गुहार







