एक और प्रदर्शन! फीस से लेकर सेमेस्टर तक... मांगों को लेकर छात्रों ने किया NH-19 जाम
कैमूर के दुर्गावती में किंगवे हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के छात्र-छात्राओं ने फीस, सेमेस्टर और सुविधाओं से जुड़ी मांगों को लेकर NH-19 जाम कर दिया। मौके पर पहुंचे SDM और DSP ने छात्रों को समझाकर धरना समाप्त कराया।


कैमूर: दुर्गावती थाना क्षेत्र में शनिवार को किंगवे हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के छात्र-छात्राओं का गुस्सा सड़क पर उतर आया। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने दिल्ली-कोलकाता NH-19 को जाम कर दिया। करीब दोपहर 12:30 बजे छात्र सड़क पर बैठ गए, जिसके बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
प्रदर्शनकारी छात्र-छात्राओं ने संस्थान में कथित अनियमितताओं को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की। छात्रों ने सेमेस्टर से जुड़ी समस्याओं, आधुनिक सुविधाओं की कमी और फीस को लेकर सवाल उठाए। छात्रों का आरोप है कि संस्थान प्रबंधन की ओर से फीस मनमाने तरीके से ली जा रही है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा विद्यार्थियों ने संस्थान में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई।
NH-19 पर लग गई वाहनों की लंबी कतार
छात्रों के सड़क पर उतरने के बाद दिल्ली-कोलकाता NH-19 पर आवागमन प्रभावित हो गया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। डीएसपी, एसडीएम और दुर्गावती थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे।
अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना। काफी समझाने-बुझाने और समस्याओं के समाधान के लिए उचित कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद छात्रों ने सड़क से धरना हटा लिया। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में हाईवे पर यातायात फिर से सामान्य कराया गया।
मांगें पूरी नहीं हुईं तो फिर आंदोलन की चेतावनी
प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर फीस, सेमेस्टर और सुविधाओं से जुड़ी उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल प्रशासन की ओर से छात्रों को उनकी समस्याओं पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। अब देखना होगा कि संस्थान प्रबंधन और प्रशासन छात्रों की मांगों पर आगे क्या कदम उठाते हैं।
(कैमूर से अजीत कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

MGCU के लिए बड़ी खबर! 10 साल बाद कैंपस को लेकर सांसद ने किया बड़ा ऐलान

गुप्ताधाम जाने से पहले जान लें ये नियम! आसमान से बरसेंगे फूल, पहाड़ पर उमड़ेगी भीड़!







