फुसरो में महिला ने हिंदुस्तान पुल से लगाई छलांग, सर्च जारी
बेरमो के फुसरो स्थित हिंदुस्तान पुल से महिला के नदी में छलांग लगाने की सूचना से हड़कंप मच गया। पुलिस और बचाव दल सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

Bermo: फुसरो स्थित हिंदुस्तान पुल पर उस वक्त अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक महिला ने पुल से सीधे नदी में छलांग लगा दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला पुल पर पहुंची और कुछ ही देर वहां रुकने के बाद उसने अचानक यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना को देखते ही वहां मौजूद लोग सन्न रह गए और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई। देखते ही देखते पुल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल सका था।
पुल पर मिली चप्पल
पुलिस ने जांच के दौरान घटनास्थल से पुल के किनारे एक महिला की चप्पल बरामद की है। स्थानीय लोगों का दावा है कि यह चप्पल उसी महिला की है, जिसने नदी में छलांग लगाई है। वहीं, स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा जोरों पर है कि नदी में कूदने वाली महिला पिछरी निवासी सुमन कुमारी हो सकती है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस पहचान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है और पहचान की पूरी तरह से पुष्टि होने के बाद ही आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी साझा की जाएगी।
सुरक्षा जाली लगाने की उठने लगी मांग
इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों में गहरी चिंता है और उन्होंने प्रशासन से हिंदुस्तान पुल पर तत्काल प्रभाव से सुरक्षा जाली (सेफ्टी नेट) लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यह पहला मामला नहीं है, बल्कि इस पुल से पहले भी कई लोग नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर चुके हैं। नागरिकों का तर्क है कि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुल के दोनों ओर स्थायी सुरक्षा व्यवस्था का होना बेहद जरूरी है। फिलहाल, घटना के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के साथ-साथ पुलिस और गोताखोरों की टीम नदी में महिला की तलाश के लिए लगातार अभियान चला रही है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

जयराम महतो ने स्वास्थ्य मंत्री से की मुलाकात, कहा- 'खुद नहीं गए तो मैं लेकर जाऊंगा'

AISA अध्यक्ष नेहा बोरा ने अनशनकारी देवेंद्र महतो से की मुलाकात, कहा- 'पूरा देश आपके साथ है'







