स्कूल बस ने 7 साल की मासूम को रौंदा, दो घायल, भाग रहा ड्राइवर गिरफ्तार
जमशेदपुर के गोविंदपुर में अनियंत्रित स्कूल बस की चपेट में आने से 7 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। हादसे में दो लोग घायल हुए, जबकि फरार चालक गिरफ्तार कर लिया गया।

Jamshedpur: पूर्वी सिंहभूम जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित अन्ना चौक पर शनिवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां 'एसडी पब्लिक स्कूल' की एक अनियंत्रित बस की चपेट में आने से 7 वर्षीय मासूम बच्ची रूही कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, इस हादसे में 11 वर्षीय रेहान और 21 वर्षीय रोशन शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद गुस्साए लोगों ने लगाया जाम
अन्ना चौक पर हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। मासूम बच्ची की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया और मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया। उग्र लोग दोषी चालक पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। सड़क जाम रहने के कारण काफी समय तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और आवाजाही ठप्प हो गई।
भाग रहे ड्राइवर को पुलिस ने खदेड़कर दबोचा
हादसे के तुरंत बाद बस चालक गा्ड़ी लेकर मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था। हालांकि, सूचना मिलते ही हरकत में आई गोविंदपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए टेल्को बीएड कॉलेज के पास से भाग रहे ड्राइवर को धर दबोचा और बस को जब्त कर लिया। गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृत बच्ची के घर में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक की लहर व्याप्त है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

झारखंड : स्वतंत्रता सेनानी ने दान की थी जमीन, आज बदहाली के आंसू रो रहा जोजोहातू का सरकारी स्कूल ; एक ही कमरे में चल रहीं 8 कक्षाएं

गिरिडीह SP कार्यालय में क्राइम मीटिंग, पुलिस अधिकारियों को मिला नया टास्क







