AISA अध्यक्ष नेहा बोरा ने अनशनकारी देवेंद्र महतो से की मुलाकात, कहा- 'पूरा देश आपके साथ है'
JPSC-JSSC आंदोलन के 15वें दिन AISA अध्यक्ष नेहा बोरा ने अनशनकारी देवेंद्र नाथ महतो से मुलाकात की। उन्होंने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए आंदोलन जारी रखने की बात कही।

JPSC-JSSC Protest: दिल्ली से रांची पहुंचीं ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने जेपीएससी और जेएसएससी विवाद को लेकर चल रहे अनिश्चितकालीन आंदोलन के 15वें दिन धरना स्थल का दौरा किया। उन्होंने पिछले कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे प्रमुख छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से खास मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। बातचीत के दौरान नेहा बोरा ने छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए स्पष्ट किया कि आइसा, झारखंड का युवा वर्ग और पूरा देश इस न्याय की लड़ाई में उनके साथ खड़ा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जब तक राज्य सरकार अभ्यर्थियों की सभी मांगें पूरी नहीं कर देती, तब तक उनका संगठन इस मुद्दे पर मुखर होकर आवाज उठाता रहेगा।
नेत्री देवी महतो से की चर्चा, विधायकों से करेंगी मुलाकात
आंदोलन को और अधिक राजनीतिक व सामाजिक मजबूती देने के उद्देश्य से नेहा बोरा ने जेएलकेएम (JLKM) की नेत्री देवी महतो से भी अहम बातचीत की। उन्होंने बताया कि छात्रों की मांगों को विधायी स्तर पर प्रमुखता से उठाने के लिए वह भाकपा माले के नेताओं से मुलाकात कर अभ्यर्थियों का पक्ष उनके सामने रखेंगी। इनमें निरसा से विधायक अरूप चटर्जी और सिंदरी विधानसभा सीट से चंद्रदेव महतो का नाम शामिल है। गौरतलब है कि अरूप चटर्जी ने इससे पहले खुद धरना स्थल पर पहुंचकर अभ्यर्थियों से सीधा संवाद किया था। उन्होंने कल विधानसभा में भी इस मुद्दे पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी और स्पष्ट रूप से कहा था कि वह छात्रों के साथ मजबूती से खड़े हैं तथा मांगें पूरी होने तक सड़क से सदन तक यह लड़ाई लड़ते रहेंगे।
स्याही कांड के बावजूद छात्रों के समर्थन में डटी हैं नेहा
ज्ञात हो कि छात्र आंदोलन को अपना खुला समर्थन देते हुए नेहा बोरा ने आइसा के नेतृत्व में बीते 7 अगस्त को विधानसभा घेराव कार्यक्रम में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। इसी उग्र प्रदर्शन और मार्च के दौरान एक असामाजिक तत्व ने अचानक उन पर स्याही फेंक कर अपना विरोध जताया था, जिसके बाद मौके पर काफी बवाल और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई थी। इन तमाम अड़चनों और विरोधों के बावजूद नेहा बोरा लगातार झारखंड के आंदोलनकारी छात्रों के साथ खड़ी हैं और उनकी आवाज को पूरी ताकत के साथ उठा रही हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

झारखंड : स्वतंत्रता सेनानी ने दान की थी जमीन, आज बदहाली के आंसू रो रहा जोजोहातू का सरकारी स्कूल ; एक ही कमरे में चल रहीं 8 कक्षाएं

गिरिडीह SP कार्यालय में क्राइम मीटिंग, पुलिस अधिकारियों को मिला नया टास्क







