जदयू के नीरज कुमार को हराएँगे, अनुज सिंह को जिताएंगे - सुनिए छोटे सरकार अनंत सिंह का ऐलान!
बाढ़ के बेढ़ना गांव में चार युवकों की मौत के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह और बाढ़ विधायक डॉ. सियाराम सिंह पीड़ित परिवारों से मिले। अनंत सिंह ने आगामी MLC चुनाव में डॉ. अनुज सिंह को समर्थन देने का ऐलान किया।


पटना: बाढ़ थाना क्षेत्र के बेढ़ना गांव में चार युवकों की मौत के बाद गांव में मातम का माहौल है। बताया जा रहा है कि नॉनवेज पार्टी के दौरान शराब पीने के बाद युवकों की तबीयत बिगड़ी थी, जिसके बाद चार लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद मोकामा विधायक अनंत सिंह और बाढ़ विधायक डॉ. सियाराम सिंह एक बार फिर बेढ़ना गांव पहुंचे और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। दोनों विधायकों ने शोकाकुल परिवारों को सांत्वना दी और अपनी ओर से आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई। इस दौरान उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि जरूरत के समय वे उनके साथ खड़े रहेंगे।
अनंत सिंह ने MLC चुनाव को लेकर किया बड़ा ऐलान
परिजनों से मुलाकात के बाद अनंत सिंह ने आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर भी बड़ा राजनीतिक बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह इस चुनाव में डॉ. अनुज सिंह का समर्थन करेंगे और नीरज सिंह के साथ नहीं जाएंगे। अनंत सिंह ने अपने अंदाज में कहा, "जो मेरे साथ रहेगा, हम उसका साथ देंगे।" उन्होंने यह भी दावा किया कि 26 विधानसभा क्षेत्रों में उनके समर्थक भी डॉ. अनुज सिंह का साथ देंगे। इस बयान के बाद एमएलसी चुनाव को लेकर क्षेत्र की राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने की संभावना है।
ग्रामीणों और बाढ़ विधायक के बीच दूर हुई नाराजगी
बताया जाता है कि इससे पहले बाढ़ विधायक डॉ. सियाराम सिंह के उमानाथ सती स्थान पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनके देर से आने को लेकर नाराजगी जताई थी और उन्हें वापस लौटना पड़ा था। हालांकि, इस बार अनंत सिंह खुद डॉ. सियाराम सिंह को साथ लेकर बेढ़ना गांव पहुंचे और उन्हें पीड़ित परिवारों से मिलवाया। इस दौरान ग्रामीणों और विधायक के बीच बनी नाराजगी को दूर करने की कोशिश भी की गई।
अनंत सिंह बोले- गांव को खुद सुधारना होगा
परिजनों से बातचीत के दौरान अनंत सिंह ने कहा कि लोगों को अपने मोहल्ले और गांव की व्यवस्था सुधारने में भी अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि पुलिस हर समय हर घर में मौजूद नहीं रह सकती। उन्होंने बेढ़ना गांव के लोगों को अपने परिवार जैसा बताते हुए कहा कि वह आगे भी लगातार यहां आते रहेंगे। दोनों विधायकों ने पीड़ित परिवारों को व्यक्तिगत, आर्थिक और सामाजिक स्तर पर हर संभव मदद का भरोसा दिया।
फिलहाल चार युवकों की मौत से गांव में शोक का माहौल है। घटना के कारणों और शराब सेवन से मौत के दावे को लेकर जांच के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
(मोकामा से रवि शंकर शर्मा की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









