मोतिहारी में कार-बाइक की भीषण टक्कर, 2 की मौत की पुष्टि; शव सड़क पर रखकर NH जाम
मोतिहारी के बनकट में तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में दो लोगों की मौत की पुलिस ने पुष्टि की है। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने शव सड़क पर रखकर NH जाम कर दिया


मोतिहारी: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बनकट में गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार कार और बाइक के बीच हुई भीषण टक्कर में दो लोगों की मौत की पुलिस ने पुष्टि की है। हादसे में एक अन्य व्यक्ति की मौत की भी सूचना सामने आ रही है, हालांकि देर शाम तक पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की थी। हादसे में एक युवक के घायल होने की भी जानकारी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि कार और बाइक के बीच टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मौत से आक्रोशित लोगों ने किया NH जाम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश फैल गया। लोगों ने मृतकों के शव को सड़क पर रखकर नेशनल हाईवे को जाम कर दिया और हंगामा शुरू कर दिया। सड़क जाम होने के कारण एनएच के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। देर शाम तक हाईवे पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित रहा। जाम के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटनास्थल पर तनाव और आक्रोश की स्थिति बनी रही।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।
पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और कार की रफ्तार कितनी थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस की ओर से दो मौतों की पुष्टि की गई है, जबकि तीसरे व्यक्ति की मौत की सूचना की पुष्टि का इंतजार है। पुलिस की कार्रवाई और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे से जुड़ी पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
(मोतिहारी से प्रतिक सिंह की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

चोर पकड़कर पुलिस को सौंपा, फिर किसान-ग्रामीणों पर ही FIR! मधेपुरा में पुलिस का अजब गजब एक्शन

‘शिक्षक कहलाने के योग्य नहीं’, बक्सर मामले में शिक्षा मंत्री का बड़ा एक्शन







