स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का मुजफ्फरपुर दौरा, कैंसर अस्पताल के बाद 30 बेड के ICU का करेंगे उद्घाटन
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मुजफ्फरपुर कैंसर अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल को और विकसित करने की बात कही, ताकि मरीजों को इलाज के लिए बाहर रेफर करने की जरूरत कम हो।


मुजफ्फरपुर: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने गुरुवार को मुजफ्फरपुर स्थित कैंसर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न विभागों और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आने वाले समय में कैंसर अस्पताल को और विकसित किया जाएगा, ताकि मरीजों को इलाज के लिए दूसरे बड़े केंद्रों पर रेफर करने की जरूरत कम से कम पड़े।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का फोकस बिहार में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने पर है। अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और मरीजों को उनके जिले और राज्य में ही गुणवत्तापूर्ण इलाज देने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
पीकू वार्ड का भी करेंगे निरीक्षण
कैंसर अस्पताल के निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य मंत्री पीकू वार्ड का दौरा करेंगे। इस वार्ड में बच्चों के लिए क्रिटिकल केयर की सुविधा उपलब्ध है। विशेष रूप से चमकी बुखार से प्रभावित बच्चों को गंभीर स्थिति में यहां इलाज के लिए भर्ती कराया जाता है।
पीकू वार्ड को मुजफ्फरपुर में बच्चों के इलाज की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा के तौर पर देखा जाता है। इस सुविधा की शुरुआत तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में की गई थी।
30 बेड के सुपर स्पेशलिस्ट ICU का होगा उद्घाटन
पीकू वार्ड के निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य मंत्री 30 बेड के सुपर स्पेशलिस्ट आईसीयू का उद्घाटन करेंगे। इस सुविधा के शुरू होने से गंभीर मरीजों के इलाज के लिए अस्पताल की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है।
आईसीयू के उद्घाटन के बाद मेडिकल कॉलेज की मुख्य बिल्डिंग में डॉक्टरों और स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों के साथ विशेष बैठक भी प्रस्तावित है। बैठक में अस्पताल की व्यवस्थाओं, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने को लेकर चर्चा की जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्री के दौरे को मुजफ्फरपुर में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासकर कैंसर और गंभीर बीमारियों के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने पर सरकार का जोर है।
(मुज़फ़्फ़रपुर से गोविंद कुमार की रिपोर्ट)

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









