नहीं मिली जमानत तो दौड़ कर फुर्र हो गया आरोपित! देखती रह गई पुलिस
बेगूसराय व्यवहार न्यायालय में अवैध खनन का आरोपित अमित कुमार सिंह जमानत याचिका खारिज होने के बाद कोर्ट परिसर से ही फरार हो गया।


बेगूसराय: बेगूसराय व्यवहार न्यायालय में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब अवैध खनन के मामले में आरोपित एक युवक जमानत याचिका खारिज होने के बाद पुलिस और न्यायालय को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हो गया। आरोपित जमानत की उम्मीद में खुद ही न्यायालय पहुंचा था, लेकिन राहत नहीं मिली तो कोर्ट से बाहर निकलते ही अचानक दौड़ लगा दी और देखते ही देखते परिसर से गायब हो गया।
घटना के बाद न्यायालय परिसर में मौजूद लोगों के बीच भी कुछ देर के लिए हैरानी की स्थिति बनी रही। मामले में न्यायालय के लिपिक नथुनी रजक ने नगर थाने में आरोपित अमित कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अब उसकी तलाश में जुटी है।
जनवरी में जब्त हुई थी JCB और पांच ट्रैक्टर
अमित कुमार सिंह को नावकोठी निवासी अरविंद सिंह उर्फ प्रीतम सिंह उर्फ परवीन सिंह का पुत्र बताया गया है। मामला अवैध रूप से सफेद बालू के खनन से जुड़ा है।जिला खनन कार्यालय के पदाधिकारी चंदन कुमार आनंद ने 20 जनवरी को बूढ़ी गंडक नदी के पत्थरा घाट के पास अवैध बालू खनन के खिलाफ कार्रवाई की थी। इस दौरान मौके से एक JCB और पांच ट्रैक्टर जब्त किए गए थे।
इस मामले में अमित कुमार समेत छह लोगों को नामजद करते हुए कुल नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से अमित कुमार फरार बताया जा रहा था।
खुद किया सरेंडर, जमानत खारिज होते ही भागा
लगातार फरार रहने के बाद अमित कुमार एक सितंबर को अचानक न्यायालय पहुंचा और आत्मसमर्पण कर दिया। इसके साथ ही उसने जमानत के लिए याचिका भी दाखिल की थी। बताया जा रहा है कि उसे उम्मीद थी कि कोर्ट से उसे जमानत मिल जाएगी।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे उसकी जमानत याचिका पर सुनवाई हुई। हालांकि, न्यायालय ने याचिका खारिज कर दी। इसके बाद जैसे ही अमित कुमार न्यायालय से बाहर निकला, उसने अचानक दौड़ लगा दी और कोर्ट परिसर से फरार हो गया। सबसे हैरानी की बात यह रही कि जिस आरोपित की पुलिस तलाश कर रही थी, वह खुद जमानत लेने के लिए न्यायालय पहुंचा था। जमानत नहीं मिलने के बाद वह कोर्ट परिसर से ही पुलिस की पकड़ से निकल गया।
अधिवक्ता को दोबारा पेश कराने का निर्देश
आरोपित के फरार होने की जानकारी मिलने के बाद न्यायालय ने उसके अधिवक्ता को अमित कुमार को दोबारा न्यायालय में पेश कराने का निर्देश दिया। हालांकि, निर्देश के बावजूद वह वापस न्यायालय नहीं पहुंचा।
इसके बाद न्यायालय के लिपिक नथुनी रजक ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि न्यायालय परिसर से फरार होने के बाद अमित कुमार किस रास्ते से गया और उसे किसने मदद पहुंचाई। साथ ही कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

खटारा स्कूल वैन की बैटरी फटी, 6 बच्चे झुलसे; क्षमता 12 की, सवार थे 22! फिर भी देखिए स्कूल वाले क्या कह रहे

मोतिहारी के होटल में चल रहा था जिस्मफरोशी का कथित खेल, पुलिस की रेड में चार नाबालिग रेस्क्य







