बूंद-बूंद पानी को तरस रहे भुइयां टोला के ग्रामीण, तीन महीने से जलमीनार और चापाकल खराब
पानी की किल्लत का सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई और स्वच्छता पर पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार पानी उपलब्ध नहीं होने से बच्चों को नहाने-धोने में परेशानी हो रही है।

Palamu.. News । पलामू जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड की अति सुदूरवर्ती खैरादोहर पंचायत के भुइयां टोला में इन दिनों भीषण जल संकट बना हुआ है। टोले में लगा सरकारी जलमीनार और इकलौता चापाकल पिछले तीन महीनों से खराब पड़ा है। इसके कारण करीब 30 घरों में रहने वाले ग्रामीणों के सामने पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी के लिए उन्हें दूर-दराज के स्थानों का चक्कर लगाना पड़ रहा है और कई-कई घंटे इंतजार करना पड़ता है। खासकर महिलाओं और बच्चियों को सिर पर बर्तन लेकर पानी की तलाश में भटकना पड़ रहा है। पानी की किल्लत का सबसे ज्यादा असर बच्चों की पढ़ाई और स्वच्छता पर पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार पानी उपलब्ध नहीं होने से बच्चों को नहाने-धोने में परेशानी हो रही है। कई बच्चे गंदे कपड़ों में स्कूल और आंगनबाड़ी जाने को मजबूर हैं, जबकि कुछ बच्चों के स्कूल जाने पर भी असर पड़ा है। जल संकट से परेशान ग्रामीणों ने खाली बाल्टी, तसला और डिब्बा लेकर विरोध जताया और प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कराने की मांग की। विरोध करने वालों में रामजी भुइयां, रंभा देवी, संगम देवी, सावित्री देवी, चानो देवी, सरस्वती देवी, पुनीता देवी, कलावती देवी और लीला देवी समेत दर्जनों महिला-पुरुष शामिल रहे। ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय मुखिया से कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक जलमीनार और चापाकल की मरम्मत नहीं कराई गई है। ग्रामीणों ने उपायुक्त पलामू और प्रखंड विकास पदाधिकारी, नौडीहा बाजार से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए खराब जलमीनार और चापाकल की मरम्मत कराने तथा टोले में स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक पेयजल की व्यवस्था बहाल नहीं होती, तब तक उनकी परेशानी दूर होने वाली नहीं है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

छात्रों के मुद्दे पर आर-पार के मूड में BJP!, 48 घंटे का अल्टीमेटम खत्म, 8 सितंबर से सभी 24 जिलों में DC-SP दफ्तरों का घेराव

कॉल करते ही 8 मिनट में पहुंचेगी पुलिस!, जमशेदपुर में डायल 112 का कमाल, अगस्त में निपटाईं 1746 शिकायतें







