Vande Bharat Express बनी काल: नगरनवी स्टेशन के पास पति-पत्नी और मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत
तेज रफ्तार Vande Bharat Express बनी काल: नगरनवी स्टेशन के पास पति-पत्नी और मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत

PAKUR: Rampurhat रेल खंड के नगरनवी रेलवे स्टेशन के समीप मंगलवार शाम एक ऐसा मंजर सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार से गुजर रही Vande Bharat Express की चपेट में आने से पति-पत्नी और उनकी करीब तीन वर्ष की मासूम बच्ची की मौके पर ही कटकर दर्दनाक मौत हो गई।
घटना शाम लगभग 7:10 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन अत्यधिक गति में थी। अचानक तीनों ट्रैक पर आ गए और पलक झपकते ही सब कुछ खत्म हो गया। आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही एक हंसता-खेलता परिवार मौत के आगोश में समा चुका था।

मृतकों में लगभग 35 वर्षीय पुरुष, करीब 30 वर्षीय महिला और तीन वर्ष की बच्ची शामिल हैं। मासूम बच्ची की मौत ने लोगों को सबसे ज्यादा व्यथित कर दिया। घटनास्थल पर चीख-पुकार और सन्नाटा दोनों एक साथ महसूस किए गए।
सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। आरपीएफ प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के गांवों और पंचायत प्रतिनिधियों से संपर्क कर पहचान की कोशिश की जा रही है।
स्थानीय लोगों का अनुमान है कि तीनों एक ही परिवार के सदस्य हो सकते हैं और संभवतः रेलवे ट्रैक पार करते समय हादसे का शिकार हुए। हालांकि, पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
रेलवे प्रशासन ने अपील की है कि रेलवे ट्रैक पार करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें और केवल निर्धारित क्रॉसिंग का ही उपयोग करें। एक छोटी सी लापरवाही कभी-कभी पूरे परिवार को उजाड़ देती है।
Report By :नंद किशोर मंडल | पाकुड़
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

तोहफे में झाड़ू लेकर भी.. क्यों खुश नजर आ रहीं रांची मेयर रोशनी खलखो

OBC आरक्षण के साथ पहली बार झारखंड में पंचायत चुनाव, तय समय पर चुनाव कराने की झारखंड सरकार की तैयारी






