जयराम महतो पर पुलिस एसोसिएशन आर-पार के मूड में!, गिरफ्तारी को लेकर बड़ी चेतावनी
धनबाद के बरवाअड्डा थाना मामले में झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो और उनके समर्थकों की पांच दिनों में गिरफ्तारी की मांग की है। मामला FIR तक पहुंचा है।

Dhanbad: धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी के साथ गाली-गलौज, धमकी और थाने में तोड़फोड़ के मामले में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो की मुश्किलें अब बहुत ज्यादा बढ़ती दिख रही हैं। इस मामले को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन (रांची जिला शाखा) सीधे आर-पार के मूड में आ गई है। एसोसिएशन ने साफ तौर पर मांग की है कि 5 दिनों के अंदर विधायक जयराम महतो और उनके समर्थकों को गिरफ्तार किया जाए। पुलिस एसोसिएशन ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि अगर तय समय के अंदर गिरफ्तारी नहीं हुई, तो वे आगे कड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगे।
फोन पर दी धमकी- 'सरकार बदलने दो, जहां रहोगे नौकरी खा जाऊंगा'
झारखंड पुलिस एसोसिएशन, रांची शाखा के अध्यक्ष आनंद राज खलखो द्वारा जारी रिलीज के मुताबिक, घटना 21 अगस्त की रात की है। आरोप है कि विधायक जयराम महतो ने अपने मोबाइल से बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को व्हाट्सएप कॉल किया। कॉल पर विधायक ने न सिर्फ बेहद गंदी और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया, बल्कि खुलेआम धमकी देते हुए कहा, "सरकार बदलने दो, तुम झारखंड के जिस भी थाने में रहोगे, खोजकर तुम्हारी नौकरी बर्बाद कर दूंगा और ऑफ-ड्यूटी रहने पर सबक सिखाऊंगा।"
रात में थाने पहुंचे समर्थक, तोड़ दी थानेदार की नेम प्लेट
मामला सिर्फ फोन पर धमकी देने तक ही सीमित नहीं रहा। आरोप है कि उसी रात विधायक अपने समर्थकों के साथ सीधे बरवाअड्डा थाना आ धमके। वहां थाना प्रभारी के चैंबर में घुसकर जमकर बदसलूकी की गई, टेबल पर रखे जरूरी सामानों को इधर-उधर फेंक दिया गया और थानेदार की नेम प्लेट तक तोड़ दी गई। इस पूरे उपद्रव को लेकर बरवाअड्डा थाने में 22 अगस्त को कांड संख्या 146/26 दर्ज किया गया है। यह FIR भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 221, 224, 132, 351(2), 352 और 3(5) जैसी गंभीर धाराओं में दर्ज हुई है।
वर्दी के सम्मान पर चोट बर्दाश्त नहीं: एसोसिएशन
प्रेस वार्ता में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे एक जनप्रतिनिधि को इस तरह का आचरण बिल्कुल शोभा नहीं देता। आरोप यह भी है कि विधायक लगातार सोशल मीडिया और प्रेस के जरिए पुलिसकर्मियों के खिलाफ तथ्यहीन बयानबाजी और अमर्यादित वीडियो जारी कर रहे हैं, जिससे पूरी पुलिस फोर्स के मनोबल और सम्मान को ठेस पहुंची है। पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय की मांग का समर्थन करते हुए रांची शाखा ने भी साफ कर दिया है कि पुलिस अब चुप नहीं बैठेगी और विधायक की जल्द से जल्द गिरफ्तारी चाहती है।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रक्षाबंधन पर मंत्री इरफान अंसारी की कलाई पर बंधी राखी, दीपिका बेसरा को बताया छोटी बहन

'सिर्फ गड़बड़ी बोलकर पूरी भर्ती रद्द नहीं कर सकते', SFSL बहाली मामले में हाईकोर्ट में भिड़े वकील, सरकार से मांगा जवाब







