UP Police भर्ती परीक्षा: 29 लाख युवाओं के लिए विशेष बसें, किराए में राहत
UP Police भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले करीब 29 लाख अभ्यर्थियों को बस किराए में मिलेगी छूट।

उत्तर प्रदेश में 8, 9 और 10 जून को होने वाली आरक्षी नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परीक्षा में शामिल होने वाले करीब 29 लाख अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को कई अहम निर्देश दिए हैं। परीक्षा तीन दिनों तक प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में रियायती किराए की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही विभिन्न जिलों के लिए विशेष बसें भी चलाई जाएंगी, ताकि उम्मीदवार बिना परेशानी परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें। प्रवेश पत्र दिखाकर अभ्यर्थी इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भर्ती परीक्षा की तैयारियों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने यह भी निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था, छाया और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी अभ्यर्थी को धूप में खड़ा रहने की नौबत नहीं आनी चाहिए।
सरकार ने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गलत सूचना फैलाने वाले लोगों पर तत्काल कार्रवाई की जाए। वहीं, 6 जून को परीक्षा व्यवस्थाओं की रिहर्सल भी कराई जाएगी, ताकि परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण और सुचारु रूप से कराया जा सके।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.









