योगी के 50 हजार के काट में अखिलेश का 'मास्टरस्ट्रोक'!, UP की महिलाओं को हर साल मिलेंगे 40,000 रुपये?
UP की सियासत में महिलाओं के लिए नई योजनाओं की होड़ तेज है। योगी सरकार के प्रस्तावित 50 हजार रुपये के प्लान के बीच अखिलेश यादव ने सालाना 40 हजार रुपये पेंशन का ऐलान किया।

Politics of Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आजकल महिलाओं को लेकर जबर्दस्त बिसात बिछने लगी है। UP में आधी आबादी को अपने पाले में करने के लिए सियासी पार्टियां बड़े-बड़े वादे कर रही हैं। योगी सरकार द्वारा महिलाओं को 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने वाले प्रस्ताव की खबर जैसे ही बाहर आई, SP प्रमुख अखिलेश यादव ने भी बिना देर किए अपना मास्टरस्ट्रोक खेल दिया है। अखिलेश ने ऐलान किया है कि अगर प्रदेश में उनकी सरकार बनती है, तो पुरानी समाजवादी पेंशन योजना को एक बार फिर से शुरू किया जाएगा। इस बार महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की तगड़ी रकम दी जाएगी।
अखिलेश ने समझाया 40 हजार का पूरा गणित
SP अध्यक्ष ने सिर्फ ऐलान ही नहीं किया, बल्कि बाकायदा गणित समझाते हुए बताया कि महिलाओं को 40 हजार रुपये कैसे मिलेंगे। उन्होंने याद दिलाया कि पिछली सरकार में महिलाओं को 500 रुपये महीने की पेंशन दी जाती थी। अब इसे बढ़ाकर 3,000 रुपये महीना करने का प्लान है। इस हिसाब से 12 महीने के कुल 36,000 रुपये बन जाते हैं। इसके अलावा जितने साल महिलाओं को यह पेंशन नहीं मिली है, उसका ब्याज जोड़कर 4 हजार रुपये और दिए जाएंगे। कुल मिलाकर महिलाओं की झोली में हर साल पूरे 40 हजार रुपये आएंगे।
उद्योगपतियों का कर्जा माफ हो सकता है, तो माताओं-बहनों की मदद क्यों नहीं?
सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जब सरकारें बड़े-बड़े उद्योगपतियों के 10 लाख करोड़ रुपये तक माफ कर सकती हैं और जनता का पैसा उन्हें दे सकती हैं, तो फिर महिलाओं को क्यों नहीं? उन्होंने साफ कहा कि SP की सरकार बनने पर वह यही पैसा बचाकर अपनी माताओं और बहनों के हाथों में देंगे। अपने पिछले कार्यकाल की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने छात्रों को 30-30 हजार रुपये का लैपटॉप बांटा था। साथ ही 10वीं पास करने वाली छात्राओं को कन्या विद्या धन देकर उनकी पढ़ाई में बड़ी मदद की गई थी।
क्या है योगी सरकार का 50 हजार रुपये वाला प्लान?
आपको बता दें कि हाल ही में यह खबर सुर्खियों में आई थी कि UP की योगी सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए 50 हजार रुपये की एक नई धांसू योजना लागू करने की तैयारी में है। सूत्रों की मानें तो BJP सरकार इस योजना के तहत चुनाव से पहले महिलाओं को 20 हजार रुपये की पहली किस्त दे सकती है।
इसके बाद सरकार बनने पर 10-10 हजार रुपये की तीन और किस्तें देने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। हालांकि, इस योजना को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है और इसके संभावित प्रारूप पर विचार चल रहा है। इस प्रस्तावित योजना का सीधा मकसद महिलाओं को आर्थिक मदद देने के साथ-साथ उन्हें स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ना है। अब देखना दिलचस्प होगा कि UP की महिला वोटर्स किसके वादे पर ज्यादा भरोसा जताती हैं।
specializes in local and regional stories, bringing simple, factual, and timely updates to readers.
Related Posts

रामपुर को CM योगी की 690.39 करोड़ की सौगात, 102 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास

यूपी में उद्योगों को बढ़ावा, चार कंपनियों के प्रस्ताव मंजूर 46.79 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत







